गीत-संगीत व नुक्कड़-नाटक के माध्यम से सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी

ऊना, 10 जनवरी:- प्रदेश को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने और युवाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा ठोस प्रयास किए जा रहे हैं तथा मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना और मुख्यमंत्री दस्तकार प्रोत्साहन योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं के सकारात्मक परिणाम आने आरंभ हो गये है। सूचना एवं जन संपर्क विभाग के सौजन्य से चलाए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के तहत लोटस वैल्फेयर सोसायटी द्वारा बंगाणा खंड की ग्राम पंचायतों डीहर व धनेत में कलाकारों ने यह जानकारी दी।
साथ ही पूर्वी कलामंच, जलग्रां द्वारा अंब विकास खंड की ग्राम पंचायतों चुरूड़ू व दियाड़ा, जीवन म्यूजिकल ग्रुप अणुकलां द्वारा हरोली विकास खंड के तहत नगनोली, सलोह व खड्ड और आर.के. कलामंच, चिंतपुर्णी द्वारा ऊना खंड की पंचायतों कोटलाकलां अप्पर व कोटलाकलां लोअर में गीत-संगीत व नुक्कड़-नाटक के माध्यम से सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना की जानकारी देते हुए कलाकारों ने बताया कि इस योजना के तहत 18 से 45 वर्ष आयुवर्ग के युवाओं को 50 लाख तक की परियोजना लागत के उद्यम स्थापित करने के लिए संयंत्र/मशीनरी में 40 लाख रूपये के निवेश पर 25 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत महिलाओं को 30 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि गत दो वर्षों के दौरान इस योजना के तहत 3 हजार 556 आवेदन स्वीकृत किए गए जिसके लिए लगभग 107 करोड़ रूपये का अनुदान प्रदान किया गया।
कला जत्थों ने बताया कि दस्तकारों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री दस्तकार योजना आरंभ की गई है जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर दस्तकारों को तीस हजार रूपये तक के औजार खरीदने पर 75 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। इसके लिए सरकार द्वारा 50 लाख रूपये के बजट का प्रावधान किया गया है। इस अवसर पर कोटला कलां लोअर की प्रधान पूजा सैणी, उपप्रधान बलबीर व सचिव जतिन्द्र लठ, कोटलाकलां अप्पर की प्रधान निशा देवी, उपप्रधान रवि नाथ व सचिव पूजा शर्मा, डीहर के प्रधान बलदेव सिंह, सचिव सुभाष चंद, धनेत की प्रधान कांता देवी, सलोह की प्रधान मधु धीमान, नगनोली के प्रधान ओंकार सिंह, चुरूड़ू की प्रधान सुरेश कुमारी व दियाड़ा की प्रधान संतोष कुमारी सहित अन्य उपस्थित थे।
































