राजकीय महाविद्यालय में मनाया विश्व हिन्दी दिवस
करनाल, आशुतोष गौतम .( 10 जनवरी ) पं. चिरंजीलाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को हिन्दी विभाग एवं जनसंचार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्व हिन्दी दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। प्राचार्या डॉ. रेखा शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को विश्व हिन्दी दिवस की बधाई दी। उप प्राचार्या डॉ. राजेश रानी ने विश्व हिन्दी दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए इसके सांस्कृतिक महत्व पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। डॉ. रेखा शर्मा ने कहा कि राष्ट्र के विकास में हिन्दी भाषा की अहम भूमिका है। हिन्दी पूरे देश को आपस में जोड़ती है और हिन्दी हिन्द के माथे की बिन्दी है। उन्होंने पत्रकारिता के विद्यार्थियों से कहा कि वे हिन्दी साहित्य का निरंतर अध्ययन करें और अपने भाषा कौशल को बढ़ाए। डॉ. रेखा शर्मा ने कहा कि हालांकि बदलते वक्त में हिन्दी भाषा में भी काफी बदलाव आए हैं लेकिन इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। डॉ. राजेश रानी ने कहा कि हिन्दी भाषा भारतीय संस्कृति की संवाहिका है। उन्होंने कहा कि संस्कृति एक विचार है और इन विचारों को सहेज कर रखने में भाषा अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि हिन्दी विश्व में तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है और इसे बोलने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भारत के संविधान की 8वीं अनुसूची में देवनागरी लिपि में हिन्दी को भारत सरकार की सरकारी भाषा के तौर पर मान्यता दी गई है। इस अवसर पर सहायक प्रोफेसर रश्मि सिंह, सहायक प्रोफेसर दिनेश गुप्ता, डॉ. सुनील दत्त, डॉ. अमरदीप व डॉ. प्रदीप कुमार मौजूद रहे।

































