ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर ने थाना कलां स्कूल के होनहारों को बांटे पुरस्कार

जसवाल, ऊना (22 जनवरी)- ग्रामीण विकास, पंचायती राज, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थाना कलां के वार्षिकोत्सव की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर वीरेंद्र कंवर ने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य निखारने में अध्यापकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। छात्रों को स्कूल में किताब ज्ञान के साथ-साथ संस्कार का पाठ भी पढ़ाया जाना चाहिए, ताकि उनका चरित्र निर्माण हो सके और वह समर्पित भाव के साथ राष्ट्र सेवा की दिशा में काम करें। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन अनुशासन लाने की अपील करते हुए कहा कि सफलता के लिए अनुशासना आवश्यक है। कंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार नए स्कूल खोलने की बजाय मौजूदा शिक्षण संस्थानों में गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान है। स्कूलों में अच्छे खेल के मैदान, बैठने की उचित व्यवस्था तथा आधुनिक सुविधाएं मुहैय्या करवाई जा रही हैं, ताकि प्रतिस्पर्धा के दौर में सरकारी शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थी पिछड़ न जाएं।
थाना कलां में 3 लाख से बनेगा ओपन जिम- इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थाना कलां के ग्राउंड में ओपन जिम बनाने की घोषणा की, जिस पर 3 लाख रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा उन्होंने स्कूल परिसर में कमरों के निर्माण के लिए एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। कंवर ने कहा कि स्कूल में 4 सोलर लाइट भी लगाई जाएंगी।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य योगराज भारद्वाज ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। वीरेंद्र कंवर ने अपनी ऐच्छिक निधि से थानाकलां स्कूल को 11 हजार तथा 4 प्राइमरी स्कूलों के विद्यार्थियों को 2100-2100 रुपए प्रदान करने की घोषणा की।
प्री-प्राइमरी बाल मेले का शुभारंभ किया – इस दौरान वीरेंद्र कंवर थानाकलां स्कूल परिसर में डाईट देहलां के सौजन्य से आयोजित एक दिवसीय प्री-प्राइमरी बाल मेले में का भी शुभारंभ किया। इस मेले का आयोजन बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है। मंत्री ने इस आयोजन को सराहाना करते हुए कहा कि आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने की दिशा में यह एक अच्छा प्रयास है। इससे आम लोगों को सरकारी स्कूलों में अपने बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने हेतु रूझान बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि जिला में ऐसे ही 6 और मेले आयोजित किए जाएंगे।
यह रहे उपस्थित- इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के सदस्य कृष्ण पाल शर्मा, कुटलैहड़ भाजपा महामंत्री कैप्टन प्रीतम डढवाल, एसडीएम बंगाणा विशाल शर्मा, डाईट प्रधानाचार्य देवेंद्र चौहान, स्कूल प्रधानाचार्य योगराज भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

































