किसानों से जुड़े मुद्दों पर सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेगा किसान मोर्चा, बैठक में बनी रणनीति
BHT news, ऊना। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को आयोजित हुई। बैठक में किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव देष्टा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष बलवंत ठाकुर और जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र राणा सहित किसान मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में प्रदेश के किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। बैठक के बाद भाजपा किसान मोर्चा के नेताओं ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले किसानों से कई घोषणाएं और वादे किए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद इन घोषणाओं को पूरा करने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं, जिससे प्रदेश का किसान वर्ग परेशान है। किसान मोर्चा नेताओं ने कहा कि भाजपा इन मुद्दों को लेकर किसानों की आवाज को दबने नहीं देगी। प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों और अधूरी घोषणाओं के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा प्रदेशभर में हल्ला बोल अभियान चलाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सरकार से किसानों से किए गए वादों को पूरा करने और लंबित मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई जाएगी। बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी अभियान को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा गांव-गांव तक पहुंचकर किसानों को सरकार की कथित विफलताओं से अवगत करवाएगा और उनके हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगा।

































