आईटीआई तकनीकी कर्मचारियों की पदोन्नति के मुद्दे पर बड़ी पहल निदेशक तकनीकी शिक्षा ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन
डॉ रणधीर जसवाल, ऊना: एचपी स्टेट आईटीआई टेक्निकल एम्प्लॉइज एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक रोहित राठौर से मुलाकात कर आईटीआई में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं सेवा संबंधी मांगों को प्रमुखता से उनके समक्ष रखा।प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से अगस्त 2023 के बाद से लंबित इंस्ट्रक्टरों की पदोन्नति के मामले को प्रमुखता से उठाया। एसोसिएशन ने निदेशक महोदय को अवगत करवाया कि लंबे समय से पदोन्नति प्रक्रिया लंबित रहने के कारण संबंधित कर्मचारियों को उनके उचित सेवा लाभ एवं करियर प्रगति का लाभ समय पर प्राप्त नहीं हो पा रहा है।निदेशक रोहित राठौर ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण से सुना तथा पदोन्नति के मामले में आवश्यक विभागीय कार्रवाई शीघ्र आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि इस विषय पर विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। बैठक के दौरान आईटीआई विभाग में लंबे समय से रिक्त चल रहे तकनीकी पदों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। निदेशक महोदय द्वारा अवगत करवाया गया कि विभाग में रिक्त पदों को भरने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं तथा लगभग 120 पदों को भरने के संबंध में विभागीय स्तर पर कार्रवाई/प्रयास प्रचलित हैं। एसोसिएशन ने मांग की कि इन रिक्त पदों को शीघ्र भरकर संस्थानों में प्रशिक्षण व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए तथा कार्यरत कर्मचारियों पर पड़ रहे अतिरिक्त कार्यभार को कम किया जाए।इसके अतिरिक्त, 31/07/2015 के बाद सेवा में शेष रह गए साथियों से संबंधित नीति के मुद्दे को भी प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक महोदय के समक्ष रखा। इस संबंध में निदेशक महोदय ने आश्वासन दिया कि संबंधित साथियों के मामले में नीति स्तर पर आवश्यक कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ/आगे बढ़ाने के लिए विभागीय स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। एसोसिएशन ने कर्मचारियों की पदोन्नति, रिक्त पदों को भरने तथा नीति से संबंधित लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया और आशा व्यक्त की कि विभाग द्वारा इन मामलों में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।निदेशक महोदय ने यह भी अवगत करवाया कि विभाग द्वारा बहुत जल्द आईटीआई संस्थानों में प्रशिक्षणार्थियों के लिए नई ड्रेस (यूनिफॉर्म) लागू करने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि सभी प्रशिक्षणार्थियों के लिए एकरूप एवं व्यवस्थित ड्रेस कोड सुनिश्चित किया जा सके।इस अवसर पर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, महासचिव विशाल गौतम, कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार डोगरा, जिला हमीरपुर कार्यकारिणी के प्रधान बृजेश कुमार, महासचिव शशि पाल शर्मा तथा सुजानपुर से तिलक राज, तारा चंद, राजेश रायजादा, शशि पाल, सुमनलता, कांता देवी, विकास चंद, अरविंद कुमार सहित एसोसिएशन की कार्यकारिणी के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक महोदय का कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा उनके शीघ्र समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल एवं आश्वासन देने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।एसोसिएशन ने विश्वास व्यक्त किया कि निदेशक महोदय के सकारात्मक हस्तक्षेप एवं विभागीय प्रयासों से अगस्त 2023 से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया, लगभग 120 रिक्त पदों को भरने तथा 31.07.2015 के बाद शेष रह गए साथियों से संबंधित नीति के मामलों में शीघ्र प्रगति होगी और आईटीआई तकनीकी कर्मचारियों को उनके उचित सेवा लाभ प्राप्त हो सकेंगे।































