एक हजार दीप तालाब के नाम कार्यक्रम के लिए घर-घर से लिए दीप
करनाल, आशुतोष गौतम।।(10 नवंबर) गांव समौरा में 11 नवम्बर को गुरु पर्व की पूर्व संध्या पर आओ चलें तालाबों की ओर कार्यक्रम के अर्तगत तालाबों की स्वच्छता का संदेश देने के लिए एक हजार दीप तालाब के नाम कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए आज स्वच्छता व जल संचय समिति के स्वयंसेवकों ने समौरा के घर-घर से दीप लेकर कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। हरियाणा तालाब व अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि करनाल के सांसद संजय भाटिया होंगे। विशिष्ट अतिथि रामकुमार कश्यप विधायक इन्द्री व भाजपा जिला अध्यक्ष जगमोहन आनंद होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा तालाब व अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य तेजिन्द्र सिंह तेजी करेगें। प्राधिकरण के सदस्य तेजिन्द्र सिंह तेजी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में सांसद संजय भाटिया तालाबों की सफाई के लिए पायलट प्रोजक्ट का शुभारंभ भी करेगें जिससे तालाबों में जलभराव की समस्या का समाधान होगा ओर इसके साथ-साथ तालाबों में उगने वाले घास का भी स्थाई समाधान होगा। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण द्वारा इस तरह की विशेष पहल मुख्यमंत्री मनोहर लाल की प्रेरणा से करनाल जिला से आरंभ की जा रही है। जिसे प्रदेश के सभी जिलों में अपनाया जाएगा। दीप एकत्रित के मौके पर स्वच्छता व जल संचय समिति के सदस्य फूल कुमार, राजेश कुमार, श्रीमति कृष्णा शर्मा, परमजीत संधू, दिवांशी, गुंजन, कन्नू, धंनजय, शक्ति आदि भी विशेष तौर पर मौजूद रहे।































