बैठक कर ड्राईवर-कंडक्टरों की समस्याएं सुन उनके सुझाव लिए
करनाल, आशुतोष गौतम ( 18 दिसंबर ) नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम द्वारा करीब 2 वर्ष पूर्व शुरू की गई सिटी बस सर्विस शहर में बदस्तूर जारी है और नागरिक इसका लाभ उठा रहे हैं। कहा जाता है कि सरकार की ओर से जनता को दी जाने वाली परिवहन जैसी सेवा में नफा-नुकसान से ज्यादा जनता की सहूलियत महत्वपूर्ण होती है। दूसरी ओर शहरी निकाय के नगर निगम जैसे कार्यालयों में आय बढ़ाने पर भी जोर दिया जाता है, जो अप्रत्यक्ष रूप से जनता पर ही खर्च होता है। इसी सोच के दृष्टिïगत नगर निगम आयुक्त निशांत कुमार यादव ने बुधवार को सिटी बस सर्विस से आय कैसे बढ़े, इस बात पर मंथन करने के लिए विकास सदन में एक बैठक बुलाई। बैठक में निगम के केयर टेकर जितेन्द्र मलिक के अतिरिक्त सिटी बस की पहली शिफ्ट में सेवा कर रहे ड्राईवर व परिचालकों से बात की। किसी ठोस नतीजे पर पहुंचने के लिए सबसे पहले उनकी समस्याएं सुनी, फिर सुझाव मांगे और अंत में हिदायतें दी। चालक-परिचालकों ने बताया कि सिटी बस सर्विस को लेकर जो रूट तय किए गए थे, वो अब भी उसी तरह से हैं। इन रूटों पर चलते-चलते अनुभव हुआ है कि कुछ स्टोपेज ऐसे हैं, जहां सवारियां कम हैं, उन्हें बंद कर दिया जाए। दूसरी ओर रोडवेज़ महकमे से मिलकर रूटों का विस्तार किया जाए तो अच्छा रहेगा। अर्थात नगर निगम सीमा से बाहर जो गांव लगते हैं, अगर वहां की सवारियां भी बिठा ली जाएं, तो इनकम में इजाफा हो सकता है। इन बसों में मासिक पास सुविधा लागू किए जाने का भी सुझाव दिया गया। सिटी बस सर्विस के सभी स्टोपेज पर समय सारिणी लगाई जाए, ताकि बसो में सफर करने के इच्छुक यात्रियों को बसों के आने-जाने की जानकारी हो। निगम आयुक्त ने सुझाव सुनने के बाद हिदायत दी कि इन सुझावो पर विचार करेंगे, फिलहाल सभी बसें पूरे टाईम पर अपने स्टार्टिंग प्वाईंट से चलाई जाएं। हर स्टोपेज पर ड्राईवर-कंडक्टर सवारियों को आवाज लगाकर उन्हें बिठाएं, कंडक्टर बस से नीचे उतरकर यह कार्य करें। बता दें कि सिटी बस सर्विस में 6 बसें, 3 रूट के तहत नागरिकों को सेवाएं दे रही हैं, जिनमें जिला जेल से बुढ़ाखेड़ा, पाल नगर से शुगरमिल तथा रेलवे स्टेशन से झंझाड़ी तक शामिल हैं। दो शिफ्टो में बसों को चलाया जा रहा है। पहली शिफ्ट का समय प्रात: 6 से 1 बजे तथा दूसरी शिफ्ट 1 बजे से रात्रि 8 बजे तक रखी गई है। निगम आयुक्त ने शहर के नागरिकों से भी कहा है कि नगर निगम की ओर से शुरू की गई सिटी बस सर्विस एक सस्ती और अच्छी परिवहन सुविधा है, इसका फायदा उठाएं। सिटी बसों के स्टोपेज पर समय सारिणी लगाई जाएगी, उससे नागरिकों को बसो के आने-जाने की जानकारी मिल जाएगी।
































