कहा अगली पारी और अधिक उर्जा के साथ होगी शुरू, सहयोगी दल के साथ मिलकर करेगें प्रदेश में विकास
मुख्यमंत्री के आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों ने किया जोरदार स्वागत

करनाल, आशुतोष गौतम (28 अक्तूबर) दूसरी बार मुख्यमंत्री का पद ग्रहण करने के बाद करनाल आगमन पर मनोहर लाल का सोमवार को सैकडों कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने हैलीपैड पर गर्म जोशी से व ढोल-नगाडों के साथ स्वागत किया। इसके उपरांत लोक निर्माण विश्राम गृह में भी बडी संख्या में शहर वासियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इससे पूर्व उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट करके जिला प्रशासन की ओर से उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने चुनाव में दिन-रात मेहनत करने और उनकी गैरमौजूदगी में स्वयं को मनोहर लाल समझकर चुनाव लडने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत ही भाजपा को करनाल विधानसभा क्षेत्र में दुसरी बार भारी अंतर से विजय हासिल हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार की जिम्मेवारी होने के कारण वे करनाल के मतदाताओं से सम्पर्क नही कर पाएं और उन्होंने प्रदेश के 82 विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि करनाल की जिम्मेवारी स्थानीय कार्यकर्ताओं पर थी और उन्होंने स्वयं को प्रत्याशी मानकर एक-एक मतदाता से वोट की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी भी राजनैतिक दल को स्पष्ट बहुमत नही मिला है लेकिन भारतीय जनता पार्टी सबसे बडे राजनैतिक दल के रूप में सामने आई है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने विधानसभा चुनाव में जीत का लक्ष्य ऊंचा रखा था लेकिन बहुत से ऐसे कारण रहे जिनके चलते लक्ष्य प्राप्त नही हो सका। उन्होंने कहा कि इस विषय पर पार्टी स्तर पर और कार्यकर्ताओं के साथ मथंन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष बहुमत न मिलने के बावजूद भाजपा को 57 विधायकों का अप्रत्यक्ष समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि यह भी पूरे देश में पहली बार हुआ है कि किसी सरकार के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने दीपावली के दिन शपथ ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि दीपावली के दिन शपथ लेने के निर्णय को कुछ लोगों द्वारा राजतिलक की संज्ञा दी है और राजतिलक की जनता की इस भावना को राम राज्य लाकर सार्थक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सरकार ने शासन के नाते सुशासन की व्यवस्था की है और विभिन्न वर्गों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गत पांच वर्ष के कार्यकाल में सरकार के कार्य करने की व्यवस्था में नई दिशा तय की गई है और अब शेष बचे हुए कार्यों को पूरी गति के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मिलीजूली सरकार में पार्टी की मुख्य विचारधारा के साथ-साथ सहयोगी दलों की विचारधारा से समन्वय स्थापित करके कार्य करना होता है और सभी विधायकों का एक मात्र उदेश्य प्रदेश का विकास और जनकल्याण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग दलों की प्राथमिकताएं अलग हो सकती है लेकिन प्रदेश के विकास को लेकर सभी विचारधाराएं एक जैसी है। इस अवसर पर घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण, नीलोखेडी के विधायक धर्मपाल गोंदर, नगर निगम करनाल की मेयर श्रीमति रेनू बाला गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र भौरिया, पूर्व विधायक सरदार बख्शीश सिंह विर्क व भगवानदास कबीरपंथी, पूर्व ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनन्द, योगेंन्द्र राणा, राजबीर शर्मा, अशोक सुखीजा, अशोक भंडारी, जयपाल शर्मा, यशपाल ठाकुर, शमशेर नैन, सुभाष चन्द्र, नगर निगम के पार्षद व भाजपा के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।































