प्रबंधन ने कहा कि सबको पूरा वेतन मिलेगा संकट में धैर्य रखें,एचआर बोले-बिना शर्त काम पर लौटें कंपनी वित्तीय संकट में
बददी ,21 मई ( गौतम ) बददी के झाड़माजरी स्थित उद्योग में कर्मचारियों को वेतन न देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कर्मचारियों ने आज श्रम कार्यालय के बाहर एकत्रित होकर जोरदार नारेबाजी व प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें उद्योग प्रबंधन सीधे-सीधे धमकी दे रहा है। कर्मचारियों ने श्रम विभाग को एक पत्र लिखकर उक्त उद्योग के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारियों के उद्योग प्रबंधन उन्हें प्रताडित करके बाहर का रास्ता दिखाना चाहता है। कर्मचारियों का कहना है कि उद्योग प्रबंधन का एक वरिष्ठ अधिकारी उन्हें गाली-गलौच तक कर रहा है। कर्मचारी ने कहा कि उन्हें जल्द से जल्द मार्च-अप्रैल का वेतन कंपनी से दिलवाया जाए। कामगार हेमराज, रवि कुमार, अरुण कुमार, अनिल कुमार, पवन कुमार, केवल सिंह, गगन सिंह, धीरेंद्र तिवारी, हरेंद्र तिवारी, सोनू राम, सुभाष कुमार, पवन पठानिया, पंकज सिंह, अनु शर्मा, विक्रम सिंह, अमृत तिवारी, साहिल ठाकुर, विनोद कुमार, अजय कुमार, परमात्मा शर्मा, अनूप, अनिल कुमार ने कहा कि उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। मजदूरों ने कहा कि उनको मार्च का नौ दिन का वेतन नहीं मिला जबकि अप्रैल का अधूरा मिला है। कुछ दिन यह कंपनी रैड जोन में भी रही थी। उधर इस बारे में फार्मा कंपनी के एचआर महाप्रबंधक अविनाश ठाकुर का कहना है कि हमने अप्रैल महीने की कुल सैलरी का 20 फ़ीसदी वेतन 1 सप्ताह के अंदर देने का वादा सभी कर्मचारियों के साथ किया है। परन्तु यह बात को तूल देने आमादा है। क्योंकि पिछले महीने क्षेत्र का एरिया रेड जोन में रहा इस वजह से आधा महीना ही हमारी फैक्ट्री में काम हो पाया। इस दौरान भी उत्पादन न के बराबर हुआ। इस वजह से फाइनेंसियल कंडीशन भी सही न होने की वजह से पूरी सैलरी एक साथ नहीं जा सकती। परंतु हम रुका हुआ पैसा 5, 7 दिन के अंदर इनको दे देंगे। उन्होने सभी कर्मचारियों से आग्रह किया वो देश में चल रहे संकट में बिना शर्त काम पर लौट आएं। हम कर्मचारियों का बकाया एक एक रुपये उनको देंगे लेकिन उनको सब्र तो रखना होगा।































