पूर्व केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री आई डी स्वामी का निधन
करनाल, आशुतोष गौतम ( 15 Dec) पूर्व केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री आई डी स्वामी 90 वर्षीय का रविवार को ह्रदय गति रूकने से निधन हो गया है। उनका अंतिम संस्कार सोमवार 16 दिसम्बर को प्रात: 11 बजे अर्जुन गेट स्थित शिवपुरी में किया जाएगा। बता दें कि रविवार प्रात: उनकी तबीयत खराब हो जाने के कारण उपचार के लिए फरीदाबाद के मैट्रो अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनके निधन से पूरे शहर में शोक की लहर है और सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ सामाजिक व धार्मिक संगठनों के सदस्यों ने भी उनके निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। ज्ञात रहे कि गत 9 दिसम्बर को उनकी धर्मपत्नी पद्यमा स्वामी का भी लम्बी बीमारी के उपरांत निधन हो गया था। आई डी स्वामी जी के जाने से एक ही सप्ताह में परिवार के लिए यह दूसरी बड़ी क्षति है। आई डी स्वामी और उनकी धर्मपत्नी पद्यमा स्वामी अपने पीछे पुत्र राजेन्द्र स्वामी, तीन बेटियां सागिरा स्वामी, शगुफ्ता शर्मा और सोफिया शारदा सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री आई डी स्वामी के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री आई डी स्वामी के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है और 16 दिसम्बर सोमवार को प्रस्तावित अपने धन्यवादी दौरे को निरस्त कर दिया है। यह जानकारी भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद ने दी।































