सांसद ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जानी लोगों की समस्याएं, निराकरण के लिए दिये अधिकारियों को आदेश
करनाल, आशुतोष गौतम ( 5 जनवरी ) सांसद संजय भाटिया ने कहा कि सार्वजनिक समस्याओं का निराकरण करने के लिए वह हर समय प्रयासरत है। उन्होंने करनाल लोकसभा क्षेत्र की जनता से अपील की कि वह अपनी सार्वजनिक समस्याओं व जरूरतों को जन सुनवाई के दौरान उनके समक्ष लाए, उनका प्राथमिकता के आधार पर हर संभव निराकरण किया जाएगा। सांसद रविवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जन सुनवाई कर रहे थे। उन्होंने जन सुनवाई में आई जनता से कहा कि हरियाणा और केन्द्र सरकार आम आदमी की सरकार है, इस सरकार द्वारा पारदर्शिता से विकास कार्य करवाएं जा रहे है। सरकार का उद्देश्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचे, इसके प्रयास लगातार अधिकारियों के सहयोग से किये जा रहे है। सांसद ने जन सुनवाई के दौरान दर्जनों लोगों से उनकी समस्याएं जानी और अधिकारियों को निराकरण करने के आदेश दिये। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, मार्किट कमेटी कुंजपुरा के चेयरमैन ईलम सिंह, भाजपा नेता कृष्ण गर्ग सहित गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।



































