स्ट्रा बेलर, है-रेक, रोटरी स्लेशर, सर्ब मास्टर कृषि यंत्र मिलेंगे अनुदान पर
करनाल, आशुतोष गौतम (7 नवंबर) जिला करनाल में कृषि विभाग की फसल अवशेष प्रबंधन (स्मैम) स्कीम वर्ष 2019-2020 के अंतर्गत जिले के किसानों को फसल अवशेष न जलाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। इन कृषि यंत्रों में स्ट्रा बेलर, है-रेक, रोटरी स्लेशर, सर्ब मास्टर शामिल हैं। यह जानकारी सहायक कृषि अभियंता डीएस यादव ने दी। उन्होंने बताया कि स्ट्रा बेलर एक ऐसा यंत्र है जिसकी मदद से पराली को गांठ के रूप में परिवर्तित किया जा सकता है। इससे किसानों को पराली में आग लगाने की जरूरत नहीं होगी तथा इन गाठों को बेचने से किसानों की अतिरिक्त आमदनी भी होगी। इच्छुक किसान अपने ऑफ-लाईन आवेदन उपायुक्त करनाल के कार्यालय में 8 नवम्बर तक कर सकते हैं। जिन किसानों ने 5 नवम्बर तक ऑनलाईन आवेदन किए हैं वे किसान अपने दस्तावेज 8 नवम्बर तक सहायक कृषि अभियंता करनाल के कार्यालय में जमा करवाएं। अधिक जानकारी के लिए उप कृषि निदेशक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, करनाल, सहायक कृषि अभियंता के कार्यालय में सम्पर्क कर सकते हैं।































