मेयर ने सेक्टर-6 में जनसभा को किया संबोधित, कहा: इन पांच सालों में इतने विकास कार्य हुए जिनकी कल्पना भी नहीं की थी
करनाल, आशुतोष गौतम (9 अक्तूबर) इन पांच सालों में करनाल में जितने विकास कार्य हुए हैं, उतने आजतक नहीं हुए। इतना ही नहीं, ऐसे-ऐसे विकास कार्य हुए हैं, जिनकी यहां के लोगों ने कल्पना भी नहीं की थी। आज करनाल का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर चमक रहा है। यह बात मेयर रेनूबाला गुप्ता ने सेक्टर-6 में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर करनाल विधानसभा से विधायक हैं और उन्होंने यहां की जनता को अपना परिवार मानकर काम किया है। उनके दरवाजे जनता की सेवा के लिए हमेशा खुले रहते हैं। मनोहरलाल खट्टर ने कभी क्षेत्रवाद या परिवारवाद की बात नहीं की, जबकि पूर्व की सरकारों में इनका बोलबाला रहता था। आज उसी पात्र को नौकरी मिलती है, जो योग्य है। पहले अयोग्य व्यक्ति को सिर्फ इसलिए नौकरी दे दी जाती थी, क्योंकि वो किसी नेता का रिश्तेदार होता था। पात्र गरीब व्यक्ति का हक छीनकर बलशाली को दे दिया जाता था, जबकि मनोहर सरकार में पात्र व्यक्ति को ही नौकरी दी गई है। पर्ची और खर्ची का खेल मनोहर सरकार में बंद हो गया है। इसी का परिणाम है कि करनाल की जनता मुख्यमंत्री को पुन: मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखने के लिए बेताब है। मेयर रेनूबाला गुप्ता ने लोगों को संबोधित करते हुए आह्वान किया कि इस बार करनाल विधानसभा से मनोहरलाल खट्टर को एक लाख से ज्यादा वोटों से जिताकर विधानसभा भेजना है ताकि करनाल तरक्की की दिशा में निरंतर आगे बढ़ता रहे। इस दौरान जनता ने हाथ उठाकर मनोहरलाल खट्टर के हाथ मजबूत करने का प्रण किया और वायदा किया कि वे घर-घर जाकर मुख्यमंत्री के लिए वोट की अपील करेंगे। इस मौके पर वार्ड की पार्षद मेघा भंडारी ने कहा कि उन्हें पार्षद बने कुछ ही दिन हुए हैं, इतने कम समय में वार्ड में रिकॉर्ड कार्य शुरू हो गए हैं। इस सरकार में बिना भेदभाव के समान काम किए जाते हैं। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मुख्यमंत्री मनोहरलाल के पूर्व ओएसडी अमरेंद्र सिंह, जिला महामंत्री योगेंद्र राणा, संकल्प भंडारी, मुकेश शर्मा पूर्व पार्षद, सतीश, मीनाक्षी भिंडर, नमीता जुनेजा, संध्या, सीमा, मंजू बाला मुख्य रूप से मौजूद रहे।






























