योजना को लेकर वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग के माध्यम से की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश
करनाल, आशुतोष गौतम ( 29 जनवरी ) मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव वी. उमाशंकर ने बुधवार को चण्डीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग कर जिला अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्च माह से पहले-पहले लक्षित लोगों के विशेष कैंप लगाकर परिवार पहचान पत्र बनवाना सुनिश्चित करें, ताकि पात्र परिवारों को 6 हजार रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा सके और जिनके परिवार पहचान पत्र बन चुके है उनके खाते में अगले सप्ताह यह राशि पहुँच जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत सरकार द्वारा इस वर्ष 15 लाख परिवारों तक लाभ पहुँचाने का लक्षय निर्धारित किया है। वीडियो कॉन्फ्रैंस में हरियाणा राज्य कृषि विपणन मण्डल के प्रशासक जे. गणेशन तथा पंचायती राज विभाग के निदेशक सुशील सारवान भी उपस्थित थे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो सीएससी संचालक परिवार पहचान पत्र बनाने में रूचि नही लेगा, उसके मासिक मानदेय में कटौती की जाएगी। परिवार पहचान पत्र बनाने के लिए सीएससी संचालक को 20 रूपये प्रति कार्ड के हिसाब से मानदेय मिलेगा, जो उनके खाते में 15 दिन के अन्दर-अन्दर जमा करवा दिए जाएंगे। वी. उमाशंकर ने कहा कि परिवार समृद्धि योजना मुख्यमंत्री का एक ड्रीम प्रोजेक्ट है, पात्र व्यक्तियों तक इसका ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुँचाने के लिए सभी अधिकारियों को गहन रूचि लेकर कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक दिन की कारगुजारी की रिपोर्ट मुख्यालय पहुँचे, इसके लिए सभी उपायुक्तो का डेस्क बोर्ड बनाया जा रहा है तथा हैल्पलाईन नम्बर भी शुरू हो चुका है। अतिरिक्त प्रधान सचिव ने बताया कि सभी उपायुक्त अपने-अपने जिलों में कार्य योजना बनाकर काम करें, ग्राम पंचायत के माध्यम से मनादी करवाएं। ग्राम सचिव व पटवारी ज्यादा से ज्यादा लोगों को परिवार पहचान पत्र बनवाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ उठाने के लिए सम्बंधित व्यक्ति के लिए परिवार पहचान पत्र बनवाना जरूरी है। यह परिवार पहचान पत्र सीएससी मे ऑनलाईन प्रक्रिया के माध्यम से बनवाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मेरी फसल मेरा ब्यौरा योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों को रजिस्ट्रड करवाया जाए, ताकि किसानों को आने वाले सीजन में फसल बेचते समय किसी भी असुविधा का सामना ना करना पड़े।
वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग में उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया- वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग में उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि परिवार पहचान पत्र बनवाने के लिए सरल केन्द्र व अन्तोदय भवन में स्पेशल विन्डो खोली गई है। इसके अलावा जिला में संचालित सभी सीएससी संचालकों को निर्देश दिए गए है कि वे पूरी सजगता के साथ अपने-अपने क्षेत्र के लोगों के परिवार पहचान पत्र बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने एनआईसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएससी संचालको पर कड़ी नजर रखें और जो अपने कार्य में लापरवाही करते है उनके खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जाए। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अनिश यादव, परिवार पहचान पत्र बनाने के कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जिला खजाना अधिकारी रामनिवास खर्ब, परियोजना अधिकारी संगीता मेहता, एडीआइओ परविन्द्र सिंह तथा सीएससी के डीएम विनोद कुमार उपस्थित रहे।

































