एसएसआरवीएम ऊना के विद्यार्थियों ने एचडीएफसी बैंक शाखा का किया शैक्षणिक भ्रमण
BHT news, ऊना गुरुवार को एसएसआरवीएम स्कूल, ऊना के कक्षा 12वीं के विज्ञान, वाणिज्य एवं कला संकायों के 50 विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के साथ एचडीएफसी बैंक, ऊना शाखा का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह भ्रमण छात्रों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं व्यावहारिक अनुभव रहा। बैंक प्रबंधक नवीन भाटिया ने बैंक की कार्यप्रणाली, डिजिटल बैंकिंग, बचत एवं चालू खाता, ऋण प्रक्रिया, निवेश विकल्प, बीमा, साइबर सुरक्षा और बैंकिंग क्षेत्र में करियर की संभावनाओं जैसे विषयों पर सरल एवं प्रभावी व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने छात्रों को बैंक के विभिन्न काउंटर दिखाकर उनके कार्यों की व्यावहारिक जानकारी भी दी। विद्यार्थियों ने कुल 60 विषयगत प्रश्न पूछे, जिनके माध्यम से उन्होंने बैंकिंग के तकनीकी, नैतिक एवं ग्राहक सेवा से जुड़े पहलुओं को गहराई से समझा। इस अनुभव से उन्हें न केवल बैंक की कार्यशैली समझने का मौका मिला, बल्कि उन्होंने डेटा सुरक्षा, वित्तीय नियोजन तथा डिजिटल माध्यमों से लेन-देन की प्रक्रिया को भी जाना। भ्रमण के उपरांत विद्यार्थियों को एक शैक्षणिक परियोजना सौंपी गई, जिसमें उन्हें यह लिखना है:उन्होंने भ्रमण से क्या सीखा, इस अनुभव ने उनके सोचने के तरीके को कैसे प्रभावित किया और क्या वे भविष्य में बैंकिंग क्षेत्र को अपना करियर बनाना चाहेंगे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक सुमेश शर्मा ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक प्रश्न पूछने और बैंकिंग के क्षेत्र को एक संभावित करियर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी वादा किया कि भविष्य में ऐसे शैक्षणिक भ्रमण नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे छात्रों को कक्षा से बाहर वास्तविक जीवन से जुड़ा अनुभव प्राप्त हो सके। एन.पी. सिंह, श्रीमती सीमा ठाकुर, रमनजीत एवं अनिल मार्गदर्शक शिक्षकों के रूप में भ्रमण दल के साथ रहे और छात्रों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया। विद्यालय के अकादमिक प्रमुख सुरिंदर रत्रा भी भ्रमण दल के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने ऐसे शैक्षणिक अनुभवों को छात्रों के समग्र विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।































