सूद जठेरी माता मंदिर में नि:शुल्क नेत्र एवं नाक-कान-गला चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन
BHT news, ऊना: पालकबाहियां सूद जठेरी माता मंदिर डिवेलपमेंट एवं चैरिटेबल ट्रस्ट तथा रोटरी क्लब ऊना के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सूद जठेरी माता मंदिर परिसर में नि:शुल्क नेत्र, नाक, कान एवं गला रोगों की जांच एवं उपचार हेतु एक व्यापक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस चिकित्सा शिविर में रोटरी आई अस्पताल धुसाड़ा के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ चिकित्सक अनिल काकड़े अपनी विशेषज्ञ टीम के सदस्यों अरुणा, दीपांकर एवं श्रुति के साथ उपस्थित रहे। वहीं जिले के प्रसिद्ध नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. के. आर. आर्य ने अपनी विशेषज्ञ टीम एवं सहयोगी स्टाफ के साथ रोगियों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। शिविर के दौरान आंखों से संबंधित रोगों के साथ-साथ नाक, कान व गले की विभिन्न समस्याओं की गहन जांच की गई तथा जरूरतमंद रोगियों को नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। चिकित्सा शिविर का शुभारंभ जिलाधीश ऊना जतिन लाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उनके साथ उनकी माता कमलेश एवं पत्नी रेणु भी मौजूद रहीं। जिलाधीश ने आयोजकों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और ऐसे प्रयासों से जनकल्याण को बढ़ावा मिलता है। इस अवसर पर ट्रस्ट के प्रधान कपिल सूद एवं महासचिव सौरभ राज सूद ने संयुक्त रूप से बताया कि पालकबाहियां सूद जठेरी माता मंदिर डिवेलपमेंट एवं चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर जनहित में सेवा कार्य किए जाते रहे हैं। भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज के जरूरतमंद वर्ग को लाभ मिल सके। वहीं रोटरी क्लब ऊना के प्रधान यशपाल ठाकुर ने कहा कि रोटरी क्लब का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सेवाएं पहुंचाना है। यह चिकित्सा शिविर उसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य जारी रहेंगे। इस अवसर पर एच. एन. चीटू, डॉ. के. आर. आर्य, डॉ. शकुंतला आर्य, बलदेव चंद, संजीव अग्निहोत्री, प्रशांत कैलाश, आर. के. शर्मा, मोहित शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन पर स्थानीय लोगों ने आयोजकों का आभार व्यक्त किया।































