न कोई बैठक हुई और न ही हमें कार्यप्रणाली बताई गई-सतबीर कौर
5 की बैठक विकास को लेकर थे दशहरे को लेकर नहीं
एक महीने पहले से बनने शुरु हो गए थे पुतले
बददी, 8 अक्तूबर
नगर परिषद बददी द्वारा सरकारी स्तर पर मनाए जाने वाले दशहरे के आयोजन पर कांग्रेस से जुडे पार्षदों व नेताओं ने सवाल उठाए हैं। पार्षदों का कहना है कि दशहरे को लेकर हमें यह तक नहीं बताया गया कि दशहरे को लेकर क्या तैयारियां हो रही है और किस मद पर कितना व्यय किया जा रहा है।
आज यहां जारी प्रेस बयान में वार्ड नंबर 9 की पार्षद सतबीर कौर ने कहा कि मेरे वार्ड में दशहरा हो रहा है लेकिन हमें ही आमंत्रित नहीं किया गया जबकि पूर्व में सभी पार्षदों को लिखित में निमंत्रण नप की ओर भेजा जाता था। अब हमारे लिए यह विचित्र स्थिति पैदा हो गई है हम अपने वार्ड में इस धार्मिक व सामजिक उत्सव में शरीक हो या नहीं। सतबीर कौर कुंडलस के अलावा पार्षद मोनिका कौशल, बंत सिंह चौधरी व मदन लाल चौधरी ने कहा कि कांग्रेसी पार्षदों को इस आयोजन से दूर रखने की साजिश भाजपा समर्थित नगर परिषद ने रची है और हमको कोई आमंत्रण ही नहीं दिया गया। इस धाार्मिक कार्यक्रम को पहली बार भाजपा ने राजनीतिक रंग में रंग दिया है जो कि बहुत ही गलत पंरपरा है। सतबीर कौर ने कहा कि दशहरे को लेकर नगर परिषद ने आज तक कोई बैठक ही नहीं बुलाई कि इसको किस तरह मनाना है, पुतले कौन बना रहा और कौन कौन से सभ्याचारक कलाकार इसमें मनोरंजन करने आ रहा जबकि इसकी तैयारी तो एक महीने पहले से शुरु हो चुकी थी। ऐसे अराजकता के माहौल में नगर परिषद में लोकतंत्र का कोई अर्थ नहीं रह जाता और सबका साथ सबका विकास नारा खोखला साबित हुआ है। अब इस नारे को बंद कर देना चाहिए क्योंकि नप में सिर्फ भाजपाईयों का ही विकास हो रहा है। उन्होने कहा कि 5 अक्तूबर को जो बैठक हुई थी वो विकास कार्यों को लेकर हुई थी और उसमें दशहरे के आयोजन को लेकर कोई भी प्रकार की चर्चा नहीं हुई थी जबकि मीडीया में प्रचारित किया गया था इसमें दशहरे को लेकर चर्चा हुई थी।
दशहरे के खर्च पर श्वेत पत्र जारी करे अध्यक्ष
कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि दशहरा उत्सव पर नगर परिषद कितने पैसे खर्च कर रही है उसका श्वेत पत्र जारी किया जाए। सतबीर कौर ने अध्यक्ष से मांग की कि हमें यह भी बताया कि दशहरा उत्सव मनाने का प्रस्ताव किस बैठक में डाला गया और इसके खर्च को लेकर किसको अधिकृत किया गया था। अगर ऐसी बैठक हुई है तो जनता को उसकी कार्यवाही से अवगत कराया जाए। शहरी कांग्रेस अध्यक्ष संजीव कुमार कुंडलस ने कहा कि दशहरा उत्सव को लेकर भाजपा समर्थित नप ने मनमर्जी की है जिसकी शहरी कांग्रेस कडी निंदा करती है। अब यह मनमानी बर्दाशत नहीं की जाएगी।































