कहा पहले विधायक निधि और ऐच्छिक निधि के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्रों में छोटे-छोटे विकास कार्य करवा दिए जाते थे, जिससे लोगों को तुरंत राहत मिलती थी लेकिन वर्तमान सरकार ने इन निधियों पर भी रोक लगा दी है डॉ रणधीर जसवाल, ऊना: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने शनिवार को जिला मुख्यालय से बेहली मोहल्ला पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। लोगों ने विधायक के समक्ष सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाओं और विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं रखीं और आग्रह किया कि इन मुद्दों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाए। स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है और जनता को सुविधाएं देने के नाम पर सत्ता में आई कांग्रेस ने पिछले तीन वर्षों में केवल लोगों को प्रताड़ित करने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं और सरकार जानबूझकर विपक्षी विधायकों द्वारा प्रस्तावित योजनाओं और कार्यों को लटकाने का प्रयास कर रही है। विधायक ने कहा कि पहले विधायक निधि और ऐच्छिक निधि के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्रों में छोटे-छोटे विकास कार्य करवा दिए जाते थे, जिससे लोगों को तुरंत राहत मिलती थी। लेकिन वर्तमान सरकार ने इन निधियों पर भी रोक लगा दी है, जिसके चलते क्षेत्र में जरूरी काम अधर में लटके हुए हैं। उन्होंने इसे जनता के साथ अन्याय करार देते हुए कहा कि इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति प्रभावित हो रही है। सतपाल सिंह सत्ती ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही रुके हुए विकास कार्यों को शुरू नहीं किया और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो भारतीय जनता पार्टी प्रदेश भर में आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के हितों की रक्षा के लिए भाजपा हर स्तर पर संघर्ष करेगी और सरकार को उसकी जिम्मेदारियों का एहसास कराया जाएगा।
इस मौके पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी समस्याओं को संबंधित विभागों और विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।



























