जिला प्रशासन यात्रियों को मास्क, सैनिटाइजर व खाना भी उपलब्ध कराएगा
जसवाल, ऊना (12 मई)- लॉकडाउन में फंसे लोगों को लाने के लिए पहली विशेष ट्रेन बुधवार दोपहर 1 बजे ऊना रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। यह जानकारी उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने आज यहां दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ऊना ने आने वाले यात्रियों के संबंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीसी ने बताया कि कुल 789 यात्री हिमाचली ट्रेन से आ रहे हैं, जिसमें 32 बिलासपुर जिला के, चंबा से 167, हमीरपुर से 98, कांगड़ा से 212, किन्नौर से 5, कुल्लू से 30, लाहौल-स्पिति से 1, मंडी से 66, शिमला से 85, सिरमौर से 14, सोलन से 58 तथा ऊना से 21 यात्री आएंगे।
डीसी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार, कोविड-19 महामारी से लड़ाई के इस दौर में प्रदेशवासियों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए उनकी हरसंभव सहायता करने का प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में, देश के अन्य राज्यों में फंसे लोगों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पहली ट्रेन से आने वाले यात्रियों को जिलावार रेलवे स्टेशन पर उतारा जाएगा।
उन्होंने बताया कि सबसे पहले जिला चंबा उसके बाद कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, किन्नौर, शिमला, सिरमौर, सोलन, हमीरपुर और उसके बाद ऊना के निवासियों को स्टेशन पर उतारा जाएगा।
डीसी ने कहा कि स्टेशन पर उतरने के बाद यात्रियों को कुछ दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। कोई भी यात्री किसी वस्तु को हाथ न लगाए। स्टेशन पर उतरने के बाद मेडिकल स्क्रीनिंग होगी और सभी को हैंड सैनिटाइजर, खाना और पानी भी दिया जाएगा। इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा बसों के माध्यम से यात्रियों को संबंधित जिलों में पहुंचाया जाएगा।

































