नव चेतना मंच के प्रयासों से चलाया जाएगा पुरे प्रदेश में नशा मुक्ति अभियान, डीएवी पीजी कॉलेज से नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत
करनाल, आशुतोष गौतम ( 28 जनवरी ) डीएवी पीजी कॉलेज व नव चेतना मंच करनाल के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश में बढ़ रहे नशे के खिलाफ मुहिम को लेकर प्रदेश स्तरीय जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नवचेतना मंच के संयोजक एसपी चौहान ने शिरकत की। प्राचार्य डा. रामपाल सैनी ने सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्राचार्य डा. रामपाल ने कहा कि नशा समाज को खोखला कर रहा है जिसका शिकार युवा पीढ़ी हो रही है उन्होंने कहा कि नशे की बुराई को समाज से उखाड़ फेंकने के लिए युवाओं को संकल्प लेना होगा की वह नशे के खिलाफ समाज में जागरूकता पैदा करेंगे और खुद भी जीवन में कभी नशा न करने का प्रण लेंगे। प्राचार्य ने नशे के खिलाफ मुहिम में विद्यार्थीयों को ज्यादा से ज्यादा समाज में जागरूकता पैदा करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व नवचेतना मंच के संयोजक एसपी चौहान ने कहा कि युवाओं में नशे का बढऩा भारतीय सिनेमा द्वारा परोसी जा रही अश्लीलता और नशे के विज्ञापनों का प्रचार-प्रसार है जिसे युवक आज अपने स्टेटस सिंबल और समाज में अलग रुप में देखते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं में नशे का दुसरा कारण नकारात्मक ऊर्जा एवं मन में उमंग, उत्साह का कम होना है जिसके कारण नशा उन्हें लगातार अपनी गिरफ्त में ले रहा है। उन्होंने कहा कि यदि नशे को समय रहते नहीं रोका गया तो वह दिन दूर नहीं जब इसका प्रभाव खेलों पर भी देखने को मिलेगा। एसपी चौहान ने कहा कि नवचेतना मंच संस्था वर्ष 2020 को नशा मुक्ति वर्ष के रूप में मनाने का काम करेगी जिसको लेकर पुरे हरियाणा में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। डा. कष्ण अरोड़ा ने कहा कि नशे के खिलाफ मुहिम को तभी कामयाब किया जा सकता है जब समाज का हर वर्ग इसमें सहयोग करें और युवाओं में संस्कार निर्माण हो। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नशे पर प्रहार कर विद्यार्थियों को जागरूक करने का प्रयास किया। विद्यार्थी अंकुश ने नशा न करियो रै व दिवंम सोढ़ी ने जिंदगी मौत न बन जाए संभालो यारो गीत गाकर युवाओं को प्रेरित किया। वहीं कॉलेज के विद्यार्थियों ने हरियाणवी नाटिका के माध्यम से यह दिखाने का काम किया कि किस प्रकार एक नौजवान नशें की लत के कारण अपने जीवन को बर्बाद कर लेता है। कॉलेज प्राचार्य डा. रामपाल सैनी साथी हाथ बढ़ाना गीत गाकर युवाओं में नशे के खिलाफ मुहिम के लिए जोश भर दिया व सभी को जीवन में नशा न करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। मंच संचालन डा.पूनम वर्मा ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता शांता रंगा, डा. कृष्ण अरोड़ा, डा. आरएन चंदना, समाजसेवी जेआर कालड़ा, सहित सभी स्टाफ सदस्य व सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

































