स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल में बसंत पंचमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया
BHT news, ऊना जिला मुख्यालय ऊना के स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल में शुक्रवार को बसंत पंचमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में विधि-विधान से ज्ञान की देवी मां सरस्वती के पूजन के साथ हुई, जहां विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पुष्प अर्पित कर विद्या, बुद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके पश्चात पवित्र हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से आहुतियां डालकर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।कार्यक्रम का नेतृत्व स्कूल के प्रबंध निदेशक धीरज शर्मा ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बसंत पंचमी केवल एक पर्व नहीं बल्कि शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक सोच को अपनाने का संदेश देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों ने खूब सराहा। विद्यालय परिसर को पीले रंग के परिधानों और सजावट से सजाया गया, जिससे पूरे वातावरण में बसंत की छटा देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए प्रसाद वितरण किया गया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं की गईं। इस मौके पर अदिति शर्मा, पूजा शर्मा, संजू शर्मा, सोनम, निशा, सुनीता, प्रीति, मनीता, शिखा, मनदीप, रुचि, कल्पना, सरिता, रेणु, अल्का, पूजा, मुक्ता, रेणुका, बबिता, प्रियंका, दीक्षा, नीलम, उपेंद्र, राजीव, निखिल, मीनू, दीपिका, मनप्रीत, अंजू, दीप्ति, आंचल, अंजलि, सुजाता, राज, शिवांगी, आरती, कंचन, शालिनी, महिका, सोनिया, पूनम, बलजिंदर, शिवानी सहित स्कूल के विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।



























