किसानों की आय में इजाफा और कृषि क्षेत्र में होगा सुधार
करनाल, 19 अगस्त (आशुतोष गौतम) : घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि भारत सरकार देश के किसानों के सपने को साकार करने जा रही है। सरकार ने किसानों के लिए नए अध्यादेश जारी किए हैं। इन अध्यादेशों से अब किसानों को उनकी फसलों का बेहतर मूल्य मिलेगा। इतना ही नहीं किसान देश के किसी भी बाजार में अपनी फसल को बेच कर बेहतर दाम हासिल कर सकेंगे। इससे एक-दूसरे राज्य के बाजारों में फसल बेचने की तमाम दिक्कतें भी दूर हो जाएंगी। विधायक ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार ने ग्रामीण भारत और कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अध्यादेशों को जारी किया है। आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत किसानों की आय बढ़ाने व कृषि क्षेत्र में सुधारों के लिए कृषि और सहायक कार्यों में लगे किसानों के लिए ग्रामीण भारत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निम्नलिखित अध्यादेशों को जारी किया गया है। केन्द्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि विपणन में दक्षता और प्रभावशीलता प्रदान करने के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है। कृषि उपज के विपणन के समग्र विकास को रोकने वाली अड़चनों को पहचानकर, सरकार ने राज्यों द्वारा अपनाए जाने के लिए मॉडल कृषि उत्पाद और पशुधन विपणन और मॉडल कृषि उत्पाद और पशुधन संविदा कानून का मसौदा तैयार किया है।
































