बीएचटी न्यूज, मंडी ( 18 नवंबर) मंडी शहर के पैलेस कालोनी वार्ड की श्रेया वर्मा राष्ट्रीय चिल्ड्रन साईंस कांग्रेस में बच्चों पर पड़ रहे सोशल मीडिया के प्रभाव और दुष्प्रभावों पर अपनी सर्वे रिपोर्ट पेश करेंगी। श्रेया वर्मा का चयन 13 से 16 नवंबर तक बिलासपुर में आयोजित की गई राज्य स्तरीय चिल्ड्रन साईंस कांग्रेस से हुआ है। श्रेया वर्मा एसआर विद्यामंदिर रत्तीपुल में दसवीं की छात्रा है। श्रेया ने ’’बच्चों पर सोशल मीडिया के प्रभाव और दुष्प्रभाव’’ पर एक सर्वे रिपोर्ट तैयार की है। यह सर्वे रिपोर्ट श्रेया ने नौंवी कक्षा के छात्र साहिल शर्मा के साथ और कैमिस्ट्री टीचर कुसुम लता के मार्गदर्शन में तैयार की है। श्रेया ने मंडी शहर और आसपास के गांवों में जाकर लोगों से पूरी फीडबैक लेने के बाद रिपोर्ट को बनाया है। इस रिपोर्ट के माध्यम से श्रेया वर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया के बच्चों पर क्या प्रभाव और दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं। पहले जिला स्तर पर श्रेया की इस रिपोर्ट को काफी सराहा गया और उसके बाद राज्य स्तर पर भी इसकी जमकर सराहना हुई। अब श्रेया अपनी इस रिपोर्ट को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करेंगी। राष्ट्रीय चिल्ड्रन साईंस कांग्रेस 28 से 31 दिसंबर तक केरल राज्य के त्रिवेंद्रम में आयोजित की जाएगी। एसआर विद्यामंदिर स्कूल के प्रधानाचार्य दिगविजय सिंह, श्रेया वर्मा के पिता संजीव डिसिल्वा और माता भारती वर्मा ने श्रेया को शुभकामनाएं दी हैं।
मंडी की श्रेया वर्मा केरल में बताएगी सोशल मीडिया के प्रभाव और दुष्प्रभाव
राज्य स्तरीय चिल्ड्रन साईंस कांग्रेस में श्रेया वर्मा की सर्वे रिपोर्ट का हुआ चयन

































