कंवर ने अधिकारियों को दिए निर्देश, बरोटी तक मिले लोगों को मिले सड़क सुविधा

जसवाल, ऊना (11 जनवरी)- ग्रामीण विकास, पंचायती राज, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने शुक्रवार देर शाम हंडोला-जगातखाना सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने करीब एक किलोमीटर तक इस सड़क पर पैदल यात्रा की और बरसात में सड़क को पहुंचे नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से सड़क को ठीक करने के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की। इस दौरान एसडीएम बंगाणा विशाल शर्मा के साथ-साथ पीडब्ल्यूडी, वन, आईपीएच तथा उद्यान विभाग के अधिकारी उनके साथ रहे। ग्रामीण विकास मंत्री ने अधिकारियों को इस सड़क को अगली बरसात से पहले ठीक करने को कहा और इसके लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए।
इको विलेज के लिए खर्च होंगे 1.5 करोड़
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि इलाके में पीने के पानी व सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तीसरे चरण का कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा, जिससे लोगों की समस्या दूर होगी। रामगढ़धार में पानी के 40 टैंक बनाए जा रहे हैं। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि चंगर का चयन इको विलेज बनाने के लिए किया गया है, जिसके तहत यहां पर 1.5 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गांव आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक योजना पर कार्य कर रहे हैं, जिसके परिणाम जल्द ही सामने आएंगे।
इस दौरान चंगर के प्रधान हजारी लाल, रणबीर, बीडीसी सदस्य करनैल, उजागर, स्वरूप तथा बड़ी संख्या में गांववासी उपस्थित रहे।
































