कोटला कलां स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में चल रहे धार्मिक महासम्मेलन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाव

जसवाल, ऊना (3 फरवरी) गुरु के बिना जीवन अधूरा है और गुरु का जीवन में होना बहुत जरूरी है, गुरु के बिना इस मोह रूपी संसार से छुटकारा नहीं पाया जा सकता । यह प्रवचन देते हुए राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने कोटला कलां स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में चल रहे धार्मिक महासम्मेलन में उपस्थित हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं से कही। धार्मिक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अगर इस भवसागर से पार पाना है तो हमें गुरू अवश्य बनाना चाहिए। गुरु के बिना हमारी गति नहीं हो सकती। गुरु बना कर हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए । गुरु जैसा कहें वैसा ही करना चाहिए और उनकी शिक्षाओं को जीवन में उतारना चाहिए । उन्होंने कहा कि सच की राह पर चलना है तो सत्संग करना चाहिए । सत्संग से हमें विवेक रूपी पुत्र की प्राप्ति होती है अपने गुरु व माता-पिता के समक्ष समर्पण का भाव रखें और इनका कभी भी निरादर ना करें । उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण भी रोजाना सबसे पहले प्रातः काल उठकर अपने माता-पिता के चरण छूते थे । हमें भी उनकी शिक्षाओं को ग्रहण करते हुए रोजाना सुबह उठकर सबसे पहले अपने माता-पिता व बड़े बुजुर्गों का नमन करना चाहिए । हमें भी हर समय भगवान का भजन सुमिरन करते रहना चाहिए इसके बदले भगवान हम से कुछ मांगते नहीं है बल्कि हमारी हर मनोकामना पूरी करते है । श्रीकृष्ण की नगरी वृंदावन से प्रसिद्ध भजन गायक चित्र -विचित्र की जोड़ी मंगलवार को पहुंचेगी तथा उनके मधुर भजनों से कोटला कलां आश्रम भक्तिमय रंग में झूमेगा।
चार फरवरी को निकलेगी भव्य शोभायात्रा- राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने कहा कि 4 फरवरी को निकलने वाली विशाल शोभायात्रा भव्य होगी और इसमें पधारने का आह्वान श्रद्धालुओं से उन्होंने किया ।.उन्होंने कहा कि यह शोभायात्रा मंदिर से शुरू होगी संगत के साथ पूरे शहर में घूमेगी । झांकी में भगवान श्री कृष्ण की मनमोहक झांकी के साथ अन्य धार्मिक झांकियां भी निकाली जाएंगी।

































