कोरोना को हराने का एकमात्र उपाय है सामाजिक दूरी
करनाल, आशुतोष गौतम (2 अप्रैल) ऑर्गेनाइजेशन फॉर सोशल एंड कल्चरल अवेयरनेस के जिला समन्वयक राजपाल सिंह ने कोरोना वायरस के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना वायरस से पूरी दुनिया में फैली महामारी व संक्रमण के कारण आज हर मनुष्य भय व तनाव के माहौल में जीने के लिए मजबूर है। चारों ओर नकारात्मकता का माहौल है। इस कारण तरह-तरह की भ्रांतियां मनुष्य के मन में पल रही हैं जिसके कारण मनुष्य मानसिक तनाव से ग्रसित होता जा रहा है। कोरोना वायरस से बचाव के लिए सुरक्षात्मक उपाय जरूरी हैं। इस महामारी से बचने का सबसे उत्तम उपाय स्वच्छता व सोशल डिस्टेंसिंग है। मानसिक तनाव में रहने वाले लोगों के लिए काउंसलिंग बहुत आवश्यक है। हमें लोगों को समझाना होगा कि कोरोना को हराने का एकमात्र उपाय सामाजिक दूरी है। हमें ज्यादा से ज्यादा समय घर पर बिताना है। घर पर बार-बार हाथों को धोना है और सैनिटाइजर से हाथों को अच्छी तरह से साफ करना है घर से बाहर ना जाकर हम अपना व देश का विकास करने में सहयोग कर रहे हैं। हम सभी भारत वासियों को मिलकर इस कोरोना नामक राक्षस का विनाश करना है। ताकि फिर से हमारा भारत स्वस्थ व सुरक्षित बन सके।
































