लठियाणी जनमंच में 167 जन समस्याओं की हुई सुनवाई, अधिकतर का हुआ समाधान

जसवाल,ऊना (5 जनवरी)- प्रदेश सरकार के प्रमुख कार्यक्रम जनमंच का आज कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लठियाणी में आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता ग्रामीण विकास, पंचायती राज, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने की। जनमंच में आज 93 जन समस्याएं सामने आईं, जबकि 74 जन समस्याएं प्री-जनमंच गतिविधियों में प्राप्त हुई। अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।


इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि जनमंच कार्यक्रम के माध्यम से गरीबों की सुनवाई हो रही है और लोगों की समस्याओं का निपटारा हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनमंच प्रदेश सरकार के सबसे सफल कार्यक्रमों में से एक है। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की समस्या सुनना और उसका निपटारा करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है और अब माननीय मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इसी दिशा में एक और कदम उठाते हुए सेवा संकल्प हेल्पलाइन भी आरंभ की है। प्रदेशवासी 1100 नंबर पर कॉल करके अपनी समस्या बता सकते हैं और घर बैठे उनकी समस्या का निपटारा हो रहा है। कंवर ने लोगों से प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जा रही इन समस्याओं का सदुपयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि सीएए नागरिकता छीनने का नहीं बल्कि देने का कानून है। यह कानून किसी भी धर्म के खिलाफ नहीं है। यह समझना आवश्यक है कि धार्मिक उत्पीड़न के कारण पड़ोसी देशों पाकिस्तान, बांग्लादेश व अफगानिस्तान से भारत आए शरणार्थियों को मुख्यधारा में लाने का केंद्र सरकार प्रयास कर रही है। वर्ष 2014 के बाद आए सभी लोगों को मुख्यधारा में लाने की प्रक्रिया इस अधिनियम के माध्यम से शुरू हुई है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें नागरिक संशोधन कानून के बारे में भ्रामक प्रचार कर अल्पसंख्यकों के बीच डर का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रही हैं।
अगले महीने होगा गोबिंद सागर में झील उत्सव
कंवर ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए वह निरंतर प्रयास कर रहे हैं। पानी की विभिन्न स्कीमों पर 100 करोड़ रुपए खर्च होने जा रही हैं और लगभग 100 करोड़ से सड़कों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कुटलैहड़ पर्यटन विकास सोसाइटी (केटीडीएस) का गठन किया गया है। इस सोसाइटी के माध्यम से गोबिंद सागर झील समेत पूरे विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आधारभूत ढांचा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगले माह गोबिंद सागर में झील उत्सव मनाया जाएगा, जिससे इलाके में पर्यटकों की आमद बढ़ेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के दरवाजे खुलेंगे।
ये रहे उपस्थित
जनमंच कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य इंदु बाला, हिमफैड डायरेक्टर चरणजीत शर्मा, भाजपा नेता विजय शर्मा, बबली ठाकुर, सत्या देवी, राजेंद्र रिंकू, सूरम सिंह, उप प्रधान जोगिंदर, उपायुक्त ऊना संदीप कुमार, एएसपी विनोद कुमार धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
-00-
































