करनाल में सड़क किनारे पानी भरने से दुकानदार परेशान, की नारेबाजी
करनाल, आशुतोष गौतम (28 अक्तूबर) जुंडला में करनाल असंध मुख्यमार्ग पर सड़क की खुदाई के बाद उसमें भरे गंदे पानी से जुंडला के दुकानदार काफी दुखी हैं उसी के चलते दुकानदारों ने प्रशसान व ठेकेदार के विरूद्व नारेबाजी कर अपना रोष जाहिर किया। दुकानदार रमेश कांबोज, मदन लाल भाटिया, बब्बू शर्मा, अनिल खटीक, अशोक शर्मा, हरभगवान अरोड़ा, अशोक अरोड़ा, अमरनाथ गोयल, मुंशी राम कांबोज, सुभाष शर्मा, प्रेम लौहार, शामलाल कांबोज, राम चन्द्र, सतबीर व अरविंद सैन ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा करनाल से हिसार तक नैशनल हाईवे बनाया जा रहा है उसके तहत ही जुंडला में सड़क किनारे खुदाई की गई थी। मगर 3 महीने पहले हुई इस सड़क की खुदाई पर ठेकेदार ने कोई काम नहीं करवाया। सड़क किनारे करवाई गई खुदाई में गांव की नालियों का गंदा पानी एकत्रित होने के कारण यहां सारा दिन बदबू का आलम बना रहता है। रोषित व्यक्तियों का कहना है कि यहां न केवल गंदा पानी खड़ा है बल्कि इसमें भारी मात्रा में मक्खी मच्छर पनप रहा है जिस कारण यहां बिमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसा भी नहीं है कि संबंधित विभाग के अधिकारी यहां से न गुजरते हों और उनके संज्ञान में यह दृष्य न आया हो। दुकानदारों का कहना है कि उनकी दुकानो के आगे भरे गंदे बदबूदार पानी के कारण ग्राहक उनकी दुकानों पर आने से कतराने लगे हैं और वह सारा दिन खाली बैठे रहते हें। उन्होंने कहा कि जब से नैशनल हाईवे प्रशासन की ओर से सड़क खुदाई हुई है तब से कई वाहन चालक गिर कर चोटिल हो चूके हैं। उन्होंने बताया कि आज भी एक कार बैक होते होते इन गड्डों में आ गिरि गनीमत रही कि इसमें सवार सुरक्षित बाहर निकल गए और कार को ट्रैक्टर व लोगों के सहयोग से बाहर निकाला गया। दुकानदारों ने कहा कि इस बाबत कई बार ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाई गई मगर उनकी समस्या पर किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने प्रशसान से गुहार लगाते हुए इस समस्या से निजात दिलाने की अपील की है।
क्या कहते हैं विभाग के जेई: विभाग के जेई रजत धीमान का कहना है कि त्यौहारों का सीजन होने के कारण लेबर छुटटी पर है जैसे ही लेबर वापिस काम पर आती है इस समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।





























