मैं हूँ मनोहर टीम ने भी संभाली करनाल विधानसभा चुनाव की कमान
अबकी बार, एक लाख पार के लक्ष्य को लेकर चुनावी रण में उतरी मनोहर टीम
करनाल, आशुतोष गौतम (12 अक्तूबर) मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर पांच सिपहसालारों के हवाले अपनी विधानसभा छोड़कर पूरा प्रदेश नाप रहे हैं। हालांकि वे समय-समय पर चुनावी समीक्षा और प्रचार के लिए लगातार आ रहे हैं, लेकिन चुनाव की पूरी कमान पांच रणनीतिकारों के हवाले है। मनोहरलाल करनाल से भाजपा के विधानसभा प्रत्याशी होने के साथ-साथ सूबे के मुख्यमंत्री भी हैं, इसलिए उन्हें प्रचार के लिए पूरे प्रदेश में जाना पड़ता है। इन सिपहसालारों की कूटनीति और राजनीति का ही परिणाम है कि दूसरे दलों के नेता किसी भी मायने में मनोहरलाल के नजदीक भी नहीं हैं। हालांकि पूरे प्रदेश में मनोहर लहर चल रही है, लेकिन करनाल विधानसभा में तो उनके नाम की आंधी है। चुनावी व्यस्तता के कारण मुख्यमंत्री ने चुनावी कमान संभालने के लिए पांच रणनीतिकारों को चुना है। सभी उनके भरोसेमंद हैं और दूसरी पारी के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इनका काम प्रचार के नारे तैयार करने से लेकर हर रणनीति तय करना है। पांचों थिंक टैंक की भूमिका निभाते हुए मनोहरलाल को विभिन्न विषयों पर सलाह भी देते हैं। ये वर्षों से मुख्यमंत्री की आंख और कान की भूमिका निभा रहे हैं। इनका सीधा जुड़ाव जनता से है। इस टीम के अलावा करीब 100 सक्रिय तेजतर्रार कार्यकर्ता चुनावी रणनीति का हिस्सा हैं, जो अलग अलग काम संभाल रहे हैं।
जंगबहादुर चौहान: प्रदेश भाजपा ने हाल ही में करनाल विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया है। भाजपा के जिला अध्यक्ष रहे हैं। पेशे से अधिवक्ता हैं, कई संगठनों से जुड़े हैं।
जगमोहन आनंद: भाजपा के जिला अध्यक्ष हैं। प्रदेश प्रवक्ता रहे। कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े हैं। पेशे से व्यावसायी हैं। करीब 20 साल से राजनीतिक क्षेत्र में हैं।
अशोक सुखीजा: भाजपा के जिला अध्यक्ष रहे। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव रहे। करनाल विधानसभा के संयोजक हैं। कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े हैं।
बृजभूषण गुप्ता: पेशे से व्यावसायी हैं। पत्नी रेनू बाला गुप्ता लगातार दो बार से करनाल की मेयर हैं। बड़े भाई नगरपालिका के चेयरमैन रहे। मुख्यमंत्री के कवरिंग कैंडिडेट हैं।
अमरेंद्र सिंह: वरिष्ठ भाजपा नेता हैं। पांच साल मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के ओएसडी रहे। पेशे से अधिवक्ता हैं। करीब 20 साल से भाजपा राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय हैं।
मैं हूँ मनोहर टीम संभाल रही चुनाव:
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रचार की कमान मैं हूँ मनोहर टीम के पास है। करनाल विधानसभा सीट पर मैं हूँ मनोहर टीम के पांच हजार कार्यकर्ताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बताया कि करनाल विधानसभा सीट पर बूथ स्तर से लेकर पन्ना प्रमुख तक की जिम्मेदारी अब मैं हूँ मनोहर टीम के पास है। मैं हूँ मनोहर टीम व पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने आश्वस्त किया है कि करनाल में उनके प्रचार की अब जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मैं हूँ मनोहर टीम का कहना है कि आप प्रदेश में अन्य कार्यकर्ताओं की जीत के लिए पार्टी का प्रचार करें, करनाल हम संभाल लेंगे।
































