बसों की संख्या बढ़वाने को लेकर विनय पोसवाल मिले अधिकारियों से कहा : निर्धारित स्थान पर बसें नहीं रोकते ड्राइवर
करनाल, आशुतोष गौतम (21 नवंबर) करनाल से गढ़ी बीरबल रूट पर बसों की समस्याओं को लेकर छात्र आज भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष विनय पोसवाल के नेतृत्व में जीएम रोडवेज से मिले। उन्होंने ए.डी.सी. से भी बसों की समस्याओं से अवगत करवाया। जिला उपाध्यक्ष विनय पोसवाल ने कहा कि करनाल से गढ़ी बीरबल रूट पर आने वाले छात्रों को रोजाना बसों की समस्याओं से उलझना पड़ता है। कई बस चालक अपने निर्धारित स्थान पर बसों को नहीं रोकते जिससे छात्र-छात्राओं को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस मार्ग से रोजाना सैंकड़ों छात्र अपनी पढ़ाई करने के लिए करनाल आते हैं। पहले भी कई बार इस बारे प्रशासन को अवगत करवाया गया है लेकिन छात्र-छात्राओं की इस समस्या की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने मांग की कि गढ़ी बीरबल से करनाल मार्ग पर बसों की संख्या बढ़ाई जाए तथा बसें समयानुसार चलें और निर्धारित स्थान पर रुकें। उन्होंने कहा कि कई बार बस चालक स्टापेज पर बसें न रोककर आगे-पीछे रोक देते हैं। बस पकडने के चक्कर में छात्रों को भागना पड़ता है जिससे हादसों का डर बना रहता है। पहले भी इस तरह के कई हादसे इस रूट पर घटित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर वचनबद्ध है। सरकार द्वारा कई छात्रों और यात्रियों को परेशानी न हो इसके लिए कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि इस तरफ शीघ्र ही प्रशासन और रोडवेज द्वारा ध्यान नहीं दिया गया तो वह छात्रों के साथ परिवहन मंत्री से मिलेंगे। इस मौके पर उनके साथ छात्र अमित, हिमांशु, नितिन, गौरव, सुमित, दिलबाग, रवि, सौरव, विकास, विक्की, तिलकराज, जतिन, देवेंद्र सहित दर्जनों की संख्या में छात्र मौजूद थे।































