घर-घर जाकर लोगों को किया जा रहा समाधान के प्रति जागरूक
नीना गौतम कुल्लू, 20 अक्तूबर। जागरूकता रैली एनएसएस के स्वयं सेवियों के साथ मनाली बाजार में जागरूकता रैली निकालने के बाद अब नप मनाली ने घर-घर में दस्तक दे दी है। नप कर्मी सुबह के समय कूड़ा एकत्रित करने के साथ साथ लोगों को घर-घर जाकर ठोस कचरा प्रबंधन के बारे मे विस्तृत जानकारी दे रहे है। साथ ही सूखा व गीला कूड़ा अलग-अलग देने को प्रेरित कर रहे है। नप के अधिकारियों की माने तो नगर परिषद् मनाली द्वारा डोर टू डोर गारवेज कलेक्शन का कार्य पूरे नगर परिषद् क्षेत्र में शुरू किया गया है। जो भी व्यक्ति छांटा हुआ कूड़ा नही देता है तो परिषद् उसका कूड़ा कलेक्ट नही करेगी साथ ही उसे 500 रूपये से लेकर 5000 रूपये का चालान व जुर्माना भी करेगी। नप के कर्मी कूड़ा उठाने के साथ साथ पर्चे भी बांट रहे है। पर्चे में कुड़े के समाधान को लेकर विस्तृत जानकारी दी हुई है। नप का कहना है कि शहर के लोग इस पर्चे में दी जानकारी अनुसार काम करते है तो उन्हें कुड़े का समाधान करना आसान हो जाएगा। गौर हो कि शनिवार को नप मनाली ने रावमापा मनाली के एनएसएस स्वयंसेवियों के सहयोग से जागरूकता रैली निकालकर दुकानदारो को कूड़े के निपटारे हेतु सहयोग देने को आग्रह किया था। नगर परिषद् की अध्यक्षा नीना ने मनाली के सभी 7 वार्ड के लोगों से मनाली शहर को स्वच्छ बनाने में नगर परिषद् का सहयोग देने की अपील की उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वो कूड़ा कचरा गीला व सूखा अलग अलग डस्टबिनों में रख कर नप कर्मी को दे ताकि कूड़े का सही तरीके से निपटारा किया जा सके। उन्होंने मनाली वासियो से आग्रह किया कि वो कुड़े की इस गंभीर समस्या से निपटने को नप का सहयोग दें।































