पंजावर गांव में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सिंचाई सुविधाओं के विकास पर करोड़ों रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है
डॉ रणधीर जसवाल/ BHT news: ऊना। पंजावर गांव में गुरु रविदास मंदिर के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इस राशि से मंदिर का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है और पहला लैंटर भी डाला जा चुका है। निर्माण कार्य निरंतर गति से आगे बढ़ रहा है।
गांव के समाजसेवी रणजीत राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सहायता धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी निरंतर कार्य किया जा रहा है। रणजीत राणा ने बताया कि पंजावर गांव में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सिंचाई सुविधाओं के विकास पर करोड़ों रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इन कार्यों से क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है। गुरु रविदास मंदिर का निर्माण गांव के लोगों के लिए आस्था, एकता और सामाजिक समरसता का केंद्र बनेगा। निर्माण पूर्ण होने के बाद यह मंदिर धार्मिक आयोजनों और सामाजिक गतिविधियों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थल के रूप में विकसित होगा। इस सहायता के लिए गुरु रविदास कमेटी, ग्राम पंचायत पंजावर और ग्रामवासियों ने आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से न केवल मंदिर निर्माण को गति मिली है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ता मिली है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार के विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता मिलती रहेगी।



























