अब तक घरौंडा से 3, इंद्री से 5, करनाल से 6, असंध से 9 व नीलोखेड़ी से 5 प्रत्याशियों के नाम शामिल
4 अक्तूबर को सायं तीन बजे तक नामांकन दाखिल करने का अंतिम समय
करनाल, आशुतोष गौतम (3 अक्तूबर)। हरियाणा विधानसभा के आम चुनाव के लिए नामांकन का कार्य जारी है। जिले में अब तक 28 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया है। नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र से 5, असंध से 9, घरौंडा से 3, इंद्री से 5 व करनाल से 6 प्रत्याशी शामिल है। वीरवार को नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र से 3 नामांकन, असंध से 8, करनाल से 2, इंद्री से 4 व घरौंडा से 2 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। असंध विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी स. बख्शीश सिंह ने एसडीएम कार्यालय असंध में अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने अपनी चल सम्पत्ति करीब 2 करोड़ 28 लाख रुपये शपथ पत्र में दर्शायी है जिसमें उनके पास 2 इनोवा गाड़ी, रिवॉल्वर व बंदूक तथा करीब 1 करोड़ 94 लाख रुपये का ऋण दर्शाया है। अचल सम्पत्ति में करीब 7 करोड़ 50 लाख रुपये की कीमत की 24 एकड़ जमीन, तरावड़ी में करीब 55 लाख रुपये की दुकान व करीब 32 लाख रुपये की कीमत का घर शामिल है। उन्होंने फर्म के नाम 58 लाख 63 हजार रुपये का ऋण भी शपथ पत्र में दिखाया है। उनके कवरिंग के रूप में उनके पुत्र हरप्रीत सिंह ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया है। उन्होंने अपनी चल सम्पत्ति में करीब 10 लाख 23 हजार रुपये तथा अचल सम्पत्ति में करीब 3 करोड़ 30 लाख रुपये की 11 एकड़ जमीन भी दर्शायी है। असंध विधानसभा क्षेत्र से आजाद प्रत्याशी संजय कुमार ने भी एसडीएम कार्यालय में अपना नामांकन दिया है। उन्होंने अपनी चल सम्पत्ति में करीब 9 लाख 18 हजार रुपये दर्शाए हैं जबकि करीब 6 करोड़ 11 लाख 85 हजार रुपये की अचल सम्पत्ति दर्शायी है। असंध से सालवन निवासी रामफल ने आजाद प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। उन्होंने अपनी चल सम्पत्ति करीब 31 हजार रुपये और अचल सम्पत्ति 52 हजार रुपये दर्शायी है। असंध विधानसभा क्षेत्र से दुपेड्डी निवासी करतार सिंह ने एसयूआई कम्यूनिस्ट पार्टी से अपना नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने अपनी चल सम्पत्ति करीब 82 हजार रुपये दर्शायी है जबकि अचल सम्पत्ति करीब 4 लाख 36 हजार रुपये दर्शायी है। असंध विधानसभा क्षेत्र से सत्यपाल टूरन ने सर्वहित पार्टी से अपना नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने अपने शपथ पत्र में चल सम्पत्ति करीब 10 लाख रुपये व अचल सम्पत्ति के रूप में 20 लाख रुपये की कृषि भूमि दर्शायी है तथा रोशनी ने कवरिंग के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने अपनी चल सम्पत्ति करीब 4 लाख 40 हजार रुपये दर्शायी है। इंद्री विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामकुमार ने अपना नामांकन दाखिल किया। वह कुरूक्षेत्र विश्विद्यालय से लॉ-ग्रेजुएट हैं। उन्होंने शपथ पत्र में करीब 40 लाख 86 हजार रुपये चल सम्पत्ति और करीब 27 लाख 42 हजार रुपये व 14 लाख 70 हजार रुपये का ऋण अपनी अचल सम्पत्ति के रूपम में दर्शाया है। इंद्री से लोकतांत्रिक सुरक्षा पार्टी के प्रत्याशी करता राम ने अपना नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने अपनी चल सम्पत्ति करीब 16 लाख 95 हजार रुपये दर्शायी हैं तथा अचल सम्पत्ति करीब 1 करोड़ रुपये दर्शायी है। इंद्री विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी से प्रत्याशी हवा सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने अपनी चल सम्पत्ति में करीब 15 लाख 19 हजार रुपये तथा अचल सम्पत्ति करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये की दर्शायी है। इंद्री विधानसभा क्षेत्र से जेजेपी के गुरूदेव सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने अपनी चल सम्पत्ति करीब 15 लाख 28 हजार रुपये तथा करीब 5 करोड़ 28 लाख रुपये की अचल सम्पत्ति दर्शायी है। करनाल विधानसभा क्षेत्र से रमेश कुमार खत्री ने आजाद प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने अपने शपथ पत्र में चल सम्पत्ति में करीब 22 लाख 43 हजार रुपये व अचल सम्पत्ति करीब 4 करोड़ 20 लाख रुपये दर्शायी है। करनाल विधानसभा क्षेत्र से संत धर्मवीर चोटीवाला ने जनता दल यूनाईटेड से अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने अपने शपथ पत्र में करीब 4 लाख 16 हजार रुपये चल सम्पत्ति और करीब 3 लाख 71 हजार रुपये अचल सम्पत्ति दर्शायी है। घरौंडा विधानसभा क्षेत्र से घरौंडा वासी उमेद सिंह ने जेजेपी प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने अपने शपथ पत्र में चल सम्पत्ति करीब 2 करोड़ 70 लाख रुपये और अचल सम्पत्ति करीब 6 करोड़ 15 लाख रुपये दर्शायी है। घरौंडा विधानसभा क्षेत्र से अनिल कुमार ने इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी से प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने चल सम्पत्ति के रूप में करीब 13 लाख रुपये और अचल सम्पत्ति के रूप में 4 करोड़ 25 लाख रुपये और करीब 2 करोड़ 85 लाख रुपये का ऋण दर्शाया है। नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र से जेजेपी के भीम सिंह जलाला ने अपना नामांकन दाखिल किया तथा मनीष कुमार ने कवरिंग के रूप में नामांकन दाखिल किया और बहुजन समाज पार्टी के मुकेश कुमार ने भी आज अपना नामांकन नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी अतिरिक्त उपायुक्त अनीश यादव के कार्यालय में दाखिल किया।
































