सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर 17 एवं 18 जनवरी को जिला ऊना के प्रवास पर रहेंगे
BHT news, ऊना: भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष शाम मिन्हास ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर 17 एवं 18 जनवरी को जिला ऊना के प्रवास पर रहेंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 17 जनवरी को प्रातः 11:30 बजे ऊना में दिशा (DISHA) बैठक में अनुराग ठाकुर उपस्थित रहेंगे। इसके उपरांत उसी दिन दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक भाजपा कार्यालय ऊना में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के नागरिक, कार्यकर्ता एवं आमजन अपनी समस्याएँ, सुझाव एवं विकास से जुड़े कार्य सीधे अनुराग ठाकुर जी के समक्ष रख सकेंगे। इसके अतिरिक्त 18 जनवरी को नई आबादी सराय भवन टकारला में प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें आम जनता को अनुराग ठाकुर जी से सीधे मिलने एवं संवाद करने का अवसर प्राप्त होगा। जिलाध्यक्ष शाम मिन्हास ने जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस जनसंवाद कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याएँ व सुझाव रखें तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को और अधिक सशक्त बनाने में सहभागी बनें।






























