रोडवेज कर्मचारी यूनियन की बैठक हुई
करनाल, आशुतोष गौतम (11 नवंबर) रोडवेज कर्मचारी यूनियन की बैठक बस स्टैंड स्थित कार्यालय में हुई। बैठक में किलोमीटर स्कीम रद्द करने, खाली पदों पर नियमित भर्ती करने, पुरानी पेंशन नीति बहाल करने तथा रोडवेज के बेड़े में नई बसें शामिल करने को लेकर चर्चा की गई। मीटिंग की अध्यक्षता डिपो प्रधान काला राणा ने की व संचालन सचिव साहिब सिंह ने किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह धनखड़, वरिष्ठ उपप्रधान ओमप्रकाश ग्रेवाल व उपप्रधान भगवान देव ने कहा कि पिछले 30 सालों में हरियाणा की आबादी तीन गुणा बढ़ी है मगर रोडवेज के बेड़े में बसों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। लोगों को सुविधाजनक यात्रा प्रदान करने के लिए कम से कम 11 हजार बसें चलाए जाने की आवश्यकता है। वर्तमान में लगभग 3500 बसें पूरे हरियाणा में चल रही हैं। बैठक में अवैध वाहनों पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि रोडवेज का निजीकरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर ईश्वर सिंह, पवन, दलशेर, ललित, कशमीर, बलविंद्र व सुखविंद्र आदि मौजूद रहे।






























