एमएसपी से किसी को कोई आंच नहीं आएगी, किसानों को बरगला रही पंजाब सरकार
करनाल, आशुतोष गौतम। घरौंडा विधायक हरविंद्र कल्याण ने किसान आंदोलन के नाम पर राजनीति करने वाली पंजाब की अमरेंद्र कांग्रेस सरकार के विरुद्ध कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि किसानों को बरगलाने के मामले में पंजाब की कांग्रेस सरकार का दोहरा चेहरा सामने आया है। पंजाब की कांग्रेस सरकार इस मसले पर पूरी तरह फेल साबित हुई है। अच्छा होता पंजाब सरकार एमएसपी के मसले पर स्पष्टीकरण देती, पंजाब की कांग्रेस अमरेंद्र सरकार दावा करती है कि उसने केंद्र सरकार के तीन कृषि विधेयक के विरुद्ध कानून बनाकर किसान हितैषी फैसले लिए हैं, पर सीएम अमरेंद्र सिंह यह नहीं बताते कि उनकी सरकार एमएसपी पर सिर्फ गेहूं और धान ही खरीदेगी, जिसका पैसा मोदी सरकार देती है, जबकि हरियाणा की भाजपा मनोहर सरकार गेहूं और धान की तरह बाजरा, मक्का, मूंग, सरसों, सूरजमुखी, चना, मूंगफली की भी अपने पैसे से एमएसपी खरीदती है। उन्होंने पंजाब सरकार से सवाल किया कि जब किसान हित में हरियाणा मनोहर सरकार अन्य फसलें एमएसपी पर खरीद सकती है तो पंजाब की कैप्टन अमरेंद्र सरकार क्यों नहीं? श्री कल्याण ने कहा कि एमएसपी से किसी को कोई आंच नहीं आएगी, सभी किसानों को एमएसपी मिलेगी। सरकार ने ये तीनों अध्यादेश राष्ट्र व किसान हित में गहरे अध्यन्न के पश्चात लाए हैं, इन अध्यादेशों के लागू होने से देश में क्रांतिकारी परिवर्तन आएंगे। पंजाब सरकार चुनावी लाभ लेने के लिए जनता के जीवन से खिलवाड़ कर रही है जो कि बेहद दुखद और निंदनीय है। कोरोना काल के इस संकट के समय में पंजाब की कांग्रेस सरकार को राजनीति से गुरेज करना चाहिए, ना कि लोगों को भ्रमित कर अपने हित साधने चाहिए । सस्ती राजनीति से कभी लोकहित नहीं होता, जनहित के कार्यों से लोकहित होता है, इसलिए सस्ती राजनीति छोड़कर पंजाब सरकार अपना ध्यान जनहित के कार्यों में लगाए।

































