पंचायत समिति ऊना की दोनों प्रमुख सीटों पर भाजपा का कब्जा, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति : सतपाल सिंह सत्ती
BHT news, ऊना: सदर विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने पंचायत समिति ऊना के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे संगठन की नीतियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति ऊना की दोनों प्रमुख सीटों पर भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों के निर्वाचित होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी। सत्ती ने कहा कि भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष हरपाल सिंह गोगी के अध्यक्ष तथा भाजपा समर्थित महिंदर पाल के उपाध्यक्ष बनने से पंचायत समिति में एक मजबूत और जनहितैषी नेतृत्व स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा की विकासवादी सोच और कार्यशैली पर भरोसा जताया है, जिसका परिणाम आज पंचायत समिति ऊना में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि दोनों जनप्रतिनिधि पंचायत समिति के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। सत्ती ने कहा कि भाजपा सरकार और संगठन का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। पंचायत समिति ऊना में भाजपा समर्थित नेतृत्व बनने से इस लक्ष्य को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी आएगी।































