विधायक, मेयर व जिला अध्यक्ष ने भविष्य के लिए दी शुभकामनाएं
करनाल, आशुतोष गौतम (28 अक्तूबर) मेयर रेनू बाला गुप्ता के साथ करनाल की होनहार फुटबाल खिलाड़ी अंशिका राणा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने फुटबाल खिलाड़ी अंशिका राणा के प्रदर्शन की सराहना की तथा भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने देश को हमेशा ही बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं और अंशिका राणा भविष्य में करनाल ही नहीं प्रदेश और देश का नाम रोशन करेगी। मेयर रेनू बाला गुप्ता ने बताया कि राजस्थान के अजमेर में आयोजित राष्ट्र स्तरीय फुटबाल चैंपियनशिप अंडर-17 में हरियाणा का बेहतरीन प्रदर्शन रहा। हरियाणा की टीम ने गुजरात की टीम को पछाड़ते हुए गोल्ड मेडल जीता। टीम में करनाल की होनहार खिलाड़ी अंशिका राणा ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। गौरतलब है कि अंशिका राणा करनाल की रहने वाली और प्रताप पब्लिक स्कूल की छात्रा है। अंशिका की उम्र अभी मात्र 14 वर्ष है और फुटबाल प्रतियोगिता के कई मुकाबलों में अपना अनूठा प्रदर्शन दिखा चुकी है। इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष जगमोहन आनंद ने भी अंशिका राणा को बधाई दी और कहा कि अंशिका राणा एक होनहार खिलाड़ी है और करनाल की यह बेटी करनाल का नाम रोशन कर रही है। घरौंडा से विधायक हरविन्द्र कल्याण ने शानदार प्रदर्शन के लिए अंशिका राणा को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर समाजसेवी जसबीर राणा ने बताया कि अंशिका राणा को बचपन से ही फुटबाल खेलने का शौक था। वह घंटों फुटबाल का निरंतर अभ्यास करती रही थी। उन्होंने बताया कि अंशिका के पिता हरबीर राणा व उनकी माता ने अपनी बेटी के सपनों को पूरा करने का निश्चय लिया और उसे हरसंभव सहयोग दिया। इस दौरान प्रताप पब्लिक स्कूल की प्रसिपल पूजा वालिया, भूपेंद्र नोतना, हरबीर राणा, संजू गुनियाना, अजय सिंह, कैप्टन महेंद्र व सुभाष कश्यप सहित अन्य मौजूद थे।






























