धर्मशाला कॉलेज की छात्रा पल्लवी की असामयिक मौत: रैगिंग और प्रताड़ना की आशंका पर विद्यार्थी परिषद ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग:–स्वस्तिक गौतम
बीबीएन 2 जनवरी (BHT news) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के ज्वाइंट सेक्रेटरी स्वस्तिक गौतम ने बयान जारी करते हुए कहां कि धर्मशाला कॉलेज की 19 वर्षीय छात्रा पल्लवी का असामयिक निधन अत्यंत दुखद, पीड़ादायक एवं संपूर्ण शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी है। प्रारंभिक तथ्यों के अनुसार पल्लवी को महाविद्यालय परिसर में सहपाठी छात्राओं द्वारा रैगिंग तथा एक शिक्षक द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की आशंका सामने आई है, जिसके चलते वह गहरे अवसाद में चली गई थी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नेता स्वस्तिक गौतम ने कहा कि इस अपूरणीय क्षति से पूरा अभाविप परिवार मर्माहत है। इस दुख की घड़ी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शोक संतप्त परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई में हर स्तर पर साथ देगी। यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि शैक्षणिक संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। उन्होंने कहा कि पल्लवी की शिकायतों को न तो महाविद्यालय प्रशासन ने गंभीरता से लिया और न ही पुलिस प्रशासन ने समय रहते संवेदनशीलता दिखाते हुए ठोस कार्रवाई की। जो छात्र अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं, उन पर त्वरितएफ आई आर दर्ज होती है, किंतु इस गंभीर मामले में पुलिस की निष्क्रियता चिंताजनक है।अभाविप सरकार से इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। गौतम ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।



























