करनाल, आशुतोष गौतम (15 सितंबर)। समान काम समान वेतन की मांग को हरियाणा के अतिथि अध्यापकों का आंदोलन जारी है। रविवार को सीएम सिटी में गेस्ट टीचर्स के धरने को 15 दिन हो गए। एक अध्यापक राजकुमार कालीरमण दो सप्ताह से आमरण अनशन पर बैठे हैं। अध्यापक नेताओं का कहना है कि सरकार बार-बार वादों से मुकर रही है। समान काम समान वेतन अतिथि अध्यापकों का हक बनता है मगर सरकार मांग को लागू नहीं कर रही। रविवार को अतिथि अध्यापकों ने सेक्टर 12 से अंबेडकर चौक तक चम्मच से थाली बजाओ सरकार को कुंभकर्णी नींद से जगाओ प्रदर्शन किया। हजारों अतिथि अध्यापकों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए। मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को जमकर कोसा। सरकार को चेताते हुए मैना यादव, पारस शर्मा व राजकुमार कालीरमन ने कहा कि सरकार हठधर्मिता छोड़कर गेस्ट टीचर को पक्का करने का कार्य करें । जो उसका चुनावी वादा भी है। सरकार बार-बार गेस्ट टीचर को गुमराह करने लग रही है। मीटिंग करने का कह कर मांग पूरी करने का कहती है पर मीटिंग ही नहीं होती। कभी मुख्यमंत्री कहते हैं कि वह प्रधान सचिव से बात करूंगा कभी उनके प्रधान सचिव कहते हैं कि वह मुख्यमंत्री से बात करेंगे। अध्यापक नेताओं ने कहा कि 16 सितंबर को पूरे प्रदेश के स्कूलों में कार्यरत गेस्ट टीचर को करनाल पहुंचने के लिए संपर्क किया जाएगा। हरियाणा के विधायकों को मांग पत्र सौंपे जाएंगे। 17 सितंबर को महाआक्रोश रैली की जाएगी। गेस्ट टीचर का कहना है कि वो अपने रोजगार के लिए कड़े से कड़ा उठा सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार को होगी। इस अवसर पर पवन पानीपत, प्रदीप बतान, सतीश शर्मा, हरदीप गिल, राधा कृष्ण, सुभाष खटाना, चंद्रावती, ममता, सुनीता, अनामिका, सीमा, रीटा, सीमा, अनिल सैनी अध्यापक संघ करनाल जिला प्रधान, ठाकुर, ललतेश रानी, प्रेम गोरसी, सुदेशपाल, अरविंद गोयल, नवीन शर्मा व बलवान ने अतिथि अध्यापकों को संबोधित किया।
































