समाजसेवी जोगिंद्र रांवर मालवीय सेवा अवार्ड से सम्मानित
करनाल, आशुतोष गौतम ( 26 दिसंबर ) समाजसेवा में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए हरियाणा रत्न अवार्डी जोगिंद्र रांवर को मालवीय सेवा अवार्ड से नवाजा गया। बता दें कि जोगिंद्र रांवर कई वर्षो से समाज की सेवा में जुटे हुए हैं और समाजसेवा को अपना धर्म मानते हैं। श्री सेवा समिति की ओर से भारत रत्न महामना माननीय पंडित मदन मोहन मालवीय जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में जोगिंद्र रांवर को यह सम्मान सांसद संजय भाटिया ने प्रदान किया और जोगिंद्र रांवर द्वारा किए जा रहे समाज हित के कार्यो की सराहना की। रांवर ने देश को नशा मुक्त करने के लिए नशा मुक्त भारत मिशन चलाया हुआ है। वह गांव-गांव व गली गली जाकर लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभाव बता रहे हैं और लोगों को नशा ना करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसके साथ ही वह समाज हित के लिए अनेकों कार्य करते आ रहे हैं। मुख्य रूप से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यो में एचआईवी एड्स अवेयरनेस के प्रति कार्य करना और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत निशुल्क मेडिकल शिविर लगाकर लोगों को स्वास्थ्य लाभ दे रहे हैं। उनके द्वारा अब तक करीब 135 निशुल्क मेडिकल शिविर लगाए जा चुके हैं। इन्हीं कार्यो को देखते हुए यह सम्मान जोगिंद्र रांवर को मिला है। इस अवसर पर श्री सेवा समिति के प्रधान राजेंद्र मदान, सरंक्षक तिलक राज खुराना, रूप नारायण चांदना, सुरेंद्र नाथ गाबा, प्रितपाल सिंह पन्नु, मुकेश सहमर व नीरज सहमर सहित अन्य मौजूद रहे।
































