कहा प्रदेश की जनता महंगाई,आर्थिक संकट,बढ़ते शुल्कों,विकास कार्यों की स्थिति और कांग्रेस द्वारा किए गए वादों को लेकर सवाल पूछ रही है
बीएचटी न्यूज, ऊना। भाजपा जिला महामंत्री पीएल भारद्वाज ने कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल रायजादा के भाजपा नेताओं पर किए गए हमले पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक कद दूसरों पर आरोप लगाने और गांधी परिवार की पैरवी करने से नहीं, बल्कि जनता के बीच खड़े होकर उसके सवालों का जवाब देने से बढ़ता है। रायजादा को भाजपा नेताओं पर टिप्पणी करने से पहले कांग्रेस सरकार के कार्यकाल और चुनावों के दौरान किए गए वादों का हिसाब हिमाचल की जनता को देना चाहिए।पीएल भारद्वाज ने कहा कि भाजपा द्वारा राहुल गांधी, सोनिया गांधी और गांधी परिवार से जुड़े राजनीतिक मुद्दे उठाना कोई व्यक्तिगत हमला नहीं है। ये देश की राजनीति से जुड़े सार्वजनिक और राजनीतिक सवाल हैं, जिनका जवाब कांग्रेस नेताओं को तथ्यों के साथ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब सवालों के जवाब नहीं होते, तभी मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए व्यक्तिगत टिप्पणियों और राजनीतिक कद की बहस का सहारा लिया जाता है।उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश की जनता महंगाई, आर्थिक संकट, बढ़ते शुल्कों, विकास कार्यों की स्थिति और सरकार द्वारा किए गए वादों को लेकर सवाल पूछ रही है। कांग्रेस नेताओं को इन सवालों से मुंह मोड़ने के बजाय जनता के बीच जाकर बताना चाहिए कि चुनाव के समय किए गए कितने वादे पूरे हुए और कितने वादे अभी भी घोषणाओं और कागजों तक सीमित हैं।भाजपा जिला महामंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार को प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर भी जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के बयान गिनने के बजाय कांग्रेस नेता यह गिनाएं कि सत्ता में आने के बाद उन्होंने हिमाचल की जनता को क्या दिया। जनता को राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि विकास, रोजगार, निवेश, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक मजबूती के क्षेत्र में ठोस परिणाम चाहिए।पीएल भारद्वाज ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश के लिए उपलब्ध करवाई जा रही योजनाओं, परियोजनाओं और सहायता को लेकर भी कांग्रेस को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र के सहयोग से प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों को लेकर राजनीति करने के बजाय कांग्रेस नेताओं को जनता के हित में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं पर उंगली उठाने से पहले कांग्रेस नेताओं को अपने चार साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए। भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को नसीहत देने से प्रदेश की जनता के सवाल खत्म नहीं होंगे। सरकार को हर हाल में अपने फैसलों और वादों का हिसाब देना पड़ेगा।पीएल भारद्वाज ने सतपाल रायजादा को नसीहत देते हुए कहा कि गांधी परिवार की ढाल बनने और भाजपा पर बयानबाजी करने के बजाय हिमाचल की जनता की आवाज बनें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊब चुकी है और वह सरकार से ठोस जवाब चाहती है।उन्होंने दोहराया कि भाजपा हिमाचल के हितों से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी। जनता के अधिकारों, विकास और प्रदेश के भविष्य से जुड़े सवालों पर भाजपा न पीछे हटेगी और न ही कांग्रेस सरकार को जवाबदेही से बचने देगी।

































