लोहड़ी पर्व का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक अनुज वशिष्ट एवं प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने पवित्र अग्नि में आहुति डालकर किया
BHT news, ऊना: वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना में लोहड़ी का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। लोहड़ी पर्व का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक अनुज वशिष्ट एवं प्रधानाचार्य दीपक कौशल द्वारा पवित्र अग्नि में आहुति डालकर किया गया। इससे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई। आयोजन के दौरान सभी विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को लोहड़ी प्रसाद के रूप में मूंगफली और रेवड़ियां वितरित की गईं। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए लोहड़ी पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि लोहड़ी का त्योहार समृद्धि और नई शुरुआत का प्रतीक है। ऐसे पारंपरिक पर्वों को मनाने से बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के बारे में गहरी जानकारी मिलती है। विद्यालय के निदेशक अनुज वशिष्ट ने इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं अभिभावकों को लोहड़ी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना, आपसी भाईचारे और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं। इसके अतिरिक्त विद्यालय के किंडरगार्टन सेक्शन में भी लोहड़ी पर्व का आयोजन किया गया, जहाँ अंजलि वशिष्ट द्वारा नन्हें विद्यार्थियों को लोहड़ी पर्व के महत्व के बारे में विस्तार से बताया तथा समझाया गया । उन्होंने बताया कि लोहड़ी का त्योहार क्यों मनाया जाता है और इस अवसर पर किस प्रकार पूजा-अर्चना की जाती है। बच्चों ने इस जानकारी को बड़े उत्साह और रुचि के साथ ग्रहण किया। सम्पूर्ण विद्यालय परिसर उत्सवमय वातावरण से सराबोर रहा। बच्चों और अध्यापकों ने लोहड़ी पर्व का भरपूर आनंद लिया और यह आयोजन सभी के लिए सांस्कृतिक सीख एवं आनंद का यादगार अवसर बन गया।



























