तनाव मुक्त जीवन आध्यात्मिक शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें: एसपी चौहान
करनाल, आशुतोष गौतम ( 13 फरवरी ) इस दुनिया में उसे भी तनाव है जिसकी संतान नालायक है, उसे भी तनाव है जिसके पास धन का अभाव या धन अधिक है। तनाव के कारण लोग अपने अमूल्य जीवन को गंवा रहे हैं, तनाव के कारण ही आज लोग कई बीमारियों से ग्रसित हैं। इसलिए इस जीवन में तनाव से मुक्ति अति आवश्यक है क्योंकि जब तक इंसान तनाव से मुक्त नहीं होता तब तक वह अच्छा नहीं सोच सकता। तनाव से मुक्ति का मार्ग अध्यात्म मार्ग है, ईश्वरीय मार्ग है। यह कहना है ब्रह्माकुमारी निर्मल बहन का। बुधवार को सेक्टर 9 स्थित ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय करनाल केंद्र में नशे के खिलाफ मुहिम चला रहे नवचेतना मंच के संयोजक एसपी चौहान व वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. अवतार की उपस्थिति में मीडिया से मुखातिब ब्रह्माकुमारी निर्मल बहन ने बताया कि तनाव से मुक्ति के लिए करनाल के सेक्टर 9 स्थित क्रिकेट ग्राउंड में तनाव मुक्त जीवन एवं सफलता के पांच कदम विषय पर पांच दिवसीय आध्यात्मिक शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में रामायण सीरियल में मंदोदरी की भूमिका अदा करने वाली ब्रह्माकुमारी डा. प्रभा मिश्रा वर्तमान दौर में तनाव मुक्त जीवन जीने की कला एवं जीवन में सफलता प्राप्त करने के सूत्र बताएंगी । पांच दिवसीय यह आध्यात्मिक शिविर 14 से 18 फरवरी सुबह 6 से 8 व शाम 4 से 6 बजे तक सुबह व शाम दो सत्रों में नि:शुल्क जारी रहेगा। एक सवाल के जवाब में ब्रह्माकुमारी निर्मल बहन ने कहा कि इस दौरान नशे पर भी दो दिन एगजीबिशन लगाई जाएगी क्योंकि नशे के कारण हमारा समाज पथभ्रष्ट हो रहा है। मनुष्य नशा लेना जब शुरू करता है तब वह नहीं सोचता कि इसके क्या दुष्परिणाम होंगे लेकिन जब उसे होश आता है तब बहुत समय निकल चुका होता है। मौके पर नवचेतना मंच के संयोजक व वरिष्ठ समाजसेवी एसपी चौहान ने पांच दिवसीय आध्यात्मिक शिविर में अधिक से अधिक संख्या में लोगों से पहुंचने की अपील की है, उन्होंने कहा कि स्वार्थवश होने के कारण ही आज रिश्तों में वो पहले जैसा प्यार नहीं रह गया है, प्रेम कम होने से लोग अपने घरों में ही परिवारों से कट गए हैं, इसलिए अब तनाव से मुक्ति के लिए हमें एक बार फिर अध्यात्म मार्ग पर लौटना होगा। मोबाइल केंद्रित इस युग में रिश्तों और अपनों को महता देनी होगी। मौके पर कई अवार्डों से नवाजे गए एनडीआरआई के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक डा. अवतार सिंह ने कहा कि वे 42 वर्ष से अधिक समय से ब्रह्माकुमारी संस्था से जुड़े हैं, उन्होंने कहा कि जब तक इंसान के जीवन में अध्यात्म नहीं है, तब तक वह सुखी नहीं है। प्रेक्टिकल व अध्यात्म लाइफ को जोड़ना होगा तब जाकर हम अच्छा जीवन जी सकते हैँ, संस्कारों का जीवन जी सकते हैं। मौके पर ब्रह्राकुमार रामभूल सहित कई ब्रह्माकुमारीज सेक्टर 9 कुंजपुरा रोड के संस्था सदस्य मौजूद रहे।
































