खेल राज्य मंत्री संदीप सिहं होंगे मुख्य अतिथि। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी
करनाल, आशुतोष गौतम.( 10 जनवरी ) भारतीय दर्शन के उद्घारक एवं आध्यात्मिक गुरू स्वामी विवेकानंद की जयंती 12 जनवरी को हर वर्ष की तरह इस बार भी युवा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में हरियाणा के खेल एवं युवा कार्यक्रम राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। दिवस को लेकर करनाल में प्रात: 7 बजे रन फॉर यूथ का आयोजन होगा और तत्पश्चात करीब 10 बजे कल्पना चावला राजकीय मैडिकल कॉलेज के सभागार में एक विडियो कॉन्फ्रैंसिंग के जरिए प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल रेवाड़ी से युवा प्रतिभाओं के साथ संवाद करेंगे। यह जानकारी उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय युवा दिवस को सफलतापूर्वक मनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर उनकी ड्ïयूटियां सौंपी दी गईं हैं। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में बताया कि 12 जनवरी को रविवार के दिन शहर के सैक्टर-12 स्थित सुपरमॉल के साथ बने एक मंच के सामने मैदान में प्रतिभागी युवा इकठ्ïठे होंगे। खेल मंत्री प्रात: करीब 7 बजे रन फॉर यूथ को फ्लैग ऑफ करेंगे। प्रतिभागियों के लिए 5 और 10 किलोमीटर का रन तय किया गया है, जो सैक्टर-12 से प्रारम्भ होकर मॉडल टाऊन, कुंजपुरा रोड, एनडीआरआई चौक और बलड़ी बाईपास स्थित श्रीमद भगवद गीता द्वार तक जाकर इसी रूट से वापसी रहेगी। पहले 10 किलोमीटर के लिए और फिर 10 मिनट के अंतराल के बाद 5 किलोमीटर के रन को झण्ड़ी दिखाकर रवाना किया जाएगा। रन फॉर यूथ की समाप्ति पर कल्पना चावला मैडिकल कॉलेज के सभागर में यंग अचीवर यानि युवा प्रतिभाओं के साथ मुख्यमंत्री सीधा संवाद स्थापित करेंगे। कार्यक्रम में छटी से बारहवीं कक्षा तक के युवा प्रतिभा भाग लेंगे। स्कूल व कॉलेजों से स्काउट व एनएसएस के विद्यार्थी भागीदारी करेंगे। जिला खेल अधिकारी, उत्कृष्टï खिलाड़ी तथा खेलों की प्रैक्टिस में लगे युवाओं को लाएंगे। इसके अतिरिक्त पतंजलि योग समिति की ओर सेे 500 युवा शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि जैसे ही युवा प्रतिभागी दौड़ में भाग लेकर वापसी करेंगे, खेल विभाग के कोच उन्हें एक पटका पहनाएंगे और सभी प्रतिभागियों को जिला प्रशासन की ओर से अल्पाहार भी वितरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रविवार के दिन सैक्टर-12 में आयोजित होने वाली राहगिरी कार्यक्रम का आयोजन भी पूर्ववत रहेगा।

































