प्लास्टिक मुक्त समाज श्रेष्ठ भारत का निर्माण
करनाल, आशुतोष गौतम (29 सितंबर ) निदेशक डा. जी.पी. सिंह की प्रेरणा एवं मार्गनिर्देशन में भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान की पहल पर अटल पार्क प्लास्टिक जी का जंजाल नामक नाटक का मंचन किया गया। इस अवसर पर प्रधान वैज्ञानिक रतन तिवारी ने कहा कि प्लास्टिक हमारे समय में समाज के जी का जंजाल बन गया है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक धरती की उर्बरा शक्ति को न सिर्फ नष्ट करती है बल्कि प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण भी है। इसलिए अब समय आ गया कि जब प्लास्टिक मुक्त व्यवहार कर समाज को प्रदूषण मुक्त बनाये। इस अवसर पर प्रधान वैज्ञानिक डा. अनुज कुमार ने कहा कि जब धरती मां का स्वास्थ्य ठीक होगा तभी किसान और मनुष्य स्वस्थ होंगे। ऐसे में अब समय आ गया है जब हम प्लास्टिक उन्मूलन के सहयात्री बने। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का आभार प्रकट करते हुए वरिष्ठ अग्निहोत्री ने कहा कि हमारे संस्थान ने समाज के विविध वर्गो को सामाजिक दायित्व अभियान के तहत जागरूक करने का प्रयास शुरू किया है। इस क्रम में पौधारोपण, स्वच्छता, नुक्कड़ नाटक प्रस्तुति आदि के जरिये समाज के सभी वर्गो के सामने जागृत करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे पहले शुरूआत समिति के रंगकर्मियों ने रीता रंजन के निर्देशन में बहुत ही मार्मिक नाटक का मंचन किया गया। नाटक में देशज भाषा, लोकगीत, और साधारण संवाद उपस्थित लोगों के साथ जीवंत संवाद स्थापित किया। नाटक में रंगकर्मी सरिता, ममता, पंकज, सोनी, उद्भव, मोनिका, नेहा, प्रीती, पायल, छवि ने जीवंत भूमिका निभायी। इस अवसर पर डा. सेवा राम, वित्त एवं लेखा अधिकारी जगदीश चन्द्र, वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी सुरेन्द्र सिंह की अहम भूमिका रही।





























