पूबोवाल के तालाब के सौन्दर्यीकरण को लेकर प्रो राम कुमार ने अधिकारियों संग किया निरीक्षण
जसवाल, ऊना, 19 फरवरी: ग्राम पंचायत पूबोवाल के तालाब के सौन्दर्यीकरण को लेकर कार्य योजना तैयार करने के लिए आज औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो राम कुमार ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तालाब के सौन्दर्यीकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देेश दिए। प्रो राम कुमार ने कहा कि समय के साथ हुए विकास के कारण पानी के पारंपरिक स्रोतों जैसे कुएं, तालाब, बावडिय़ों का प्रयोग तो कम हुआ है किंतु इनका महत्व कभी कम नहीं हो सकता। आज जब हम भू-जल के गिरते स्तर से ंिचंतित हैं, तो तालाबों जैसे पारंपरिक जल स्रोत इस समस्या से उबरने में हमारी मदद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि तालाब वर्षा जल संग्रहण के लिए बहुत उपयोगी हैं। इनके माध्यम से एकत्रित वर्षा जल भूमि में रिसकर भू-जल स्तर को ऊपर उठा सकता है। वहीं इस जल का कृषि में सिंचाई हेतु और पशुओं के पेयजल के तौर पर प्रयोग किया जा सकता है। इसके अलावा जलाशयों में जमा पानी वातावरण में नमी और ठंडापन भी बनाता है। उन्होंने कहा कि जलाशय मच्छली पालन जैसी आर्थिक गतिविधियों में भी मददगार सिद्ध हो सकते हैं। इसलिए तालाबों का सौंदर्यीकरण एवं संवर्धन समय की मांग है जिसके लिए प्रशासन के साथ साथ स्थानीय ग्रामीणों को भी अपनी सहभागिता दर्ज करनी चाहिए। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अरिंदम चौधरी, एसडीएम हरोली गौरव चौधरी, जिला पंचायत अधिकारी रमन कुमार शर्मा, बीडीओ हरोली अतुल पुंंडीर सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
































