अगामी रविवारीय राहगिरी के लिए ऊर्जा संरक्षण थीम दिया
करनाल, आशुतोष गौतम(11 दिसंबर) मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी ओ.पी. सिंह आईपीएस ने बुधवार को विभिन्न जिलों के सिविल व पुलिस विभाग के नोडल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फें्रस कर रविवारीय राहागिरी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए करनाल को सबसे अच्छा बताया और इसके आयोजकों की जमकर तारीफ की। उन्होंने आज की अपनी वीसी का मकसद भी बताया और कहा कि 14 दिसम्बर को ऊर्जा संरक्षण दिवस है, इसी को लेकर आगामी रविवार को ऊर्जा संरक्षण थीम पर राहागिरी का आयोजन किया जाए। उन्होंने राहागिरी को स्ट्रैटिजी यानि कार्यनीति का सबसे प्रभावशाली मार्ग बताया और कहा कि इसके माध्यम से जब अच्छे विचारों के लोग एकत्रित भीड़ के सामने किसी बात को समझाने का प्रयास करेंगे, उसका असर पड़ेगा। यह एक ऐसा प्लेटफार्म है, जहां लोग मनोरंजन के साथ-साथ भाषण को भी एकाग्रचित होकर सुनते है। अधिकारियों का काम लोगों को समझाना या जागरूक करना है। थीम पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज के समय की मांग है। ऊर्जा के संसाधन सीमित हैं, इनका सदुपयोग या बचत करने की आवश्यकता है। ये कार्य जागरूकता से संभव हो सकता है। ऊर्जा की बचत से पर्यावर्णीय गुणवत्ता, राष्ट्रीय वित्तीय सुरक्षा और भविष्य की सुरक्षा की जा सकती हैं। घर या उद्योगों में लगे बिजली उपकरणों को बिना जरूरत के समय बंद करके ऊर्जा की बचत होती है, ऐसे उपकरण न लगाएं जो अनावश्यक रूप से बिजली खर्च करते हैं। उद्योगो में उपकरणों को चलाने वाले कर्मचारियों को भी उचित प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण थीम पर लोगों को जागरूक करने के लिए, नवीनीकरण ऊर्जा व विद्युत विभागो के अधिकारियों को शामिल करें, जो भीड़ को अच्छे से समझा सकते हैं। इसके अलावा इस विषय पर निबंध लेखन व पेंटिग प्रतियोगिता भी करवाई जा सकती हैं। खेल अधिकारी की ओर से रनिंग का आयोजन किया जा सकता है। कॉलेज के छात्र एवं छात्राएं थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करें। वीडियो कॉन्फ्रेंस में सिविल नोडल अधिकारी धीरज कुमार डी.एम.सी., पुलिस नोडल अधिकारी रणधीर सिंह डी.एस.पी. इंद्री, जिला शिक्षा अधिकारी रविंद्र चौधरी, जिला खेल अधिकारी राजीव कुमार, यू.एच.बी.वी.एन. के. एस.डी.ओ., पुलिस उपनिरीक्षक सुरेश पुनिया व अनिल कुमार पी.आर.ओ. मौजूद रहे।

































