सतपाल सत्ती बोले—मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई दिशा पकड़ी, कार्यकर्ता घर-घर पहुंचा रहे केंद्र की योजनाओं का संदेश
डॉ रणधीर जसवाल, ऊना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी राजनीति में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे जन-जागरण अभियान की गूंज ऊना विधानसभा क्षेत्र में भी सुनाई दे रही है। भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर के साथ-साथ केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में जुटे हैं।इसी कड़ी में ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक के राजनीतिक सफर को रेखांकित करते हुए कहा कि 25 वर्षों की चुनावी राजनीति में मोदी लगातार जनता के बीच रहकर काम करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में करीब 12 वर्षों तक राज्य का नेतृत्व करने के बाद वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी ने देश के प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली और अब लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद पर हैं।सत्ती ने कहा कि भाजपा द्वारा 7 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विशेष जन-जागरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं से आम लोगों को मिले लाभ की जानकारी जनता तक पहुंचाना और अधिक से अधिक पात्र लोगों को इन योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और जीवन ज्योति योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को मिले लाभ को कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचा रहे हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के राजनीतिक सफर को भाजपा केवल एक उपलब्धि के रूप में नहीं, बल्कि जनसंपर्क और सेवा से जुड़े अभियान के रूप में जनता के बीच ले जा रही है। इसी उद्देश्य से ऊना विधानसभा क्षेत्र में भी कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया गया है, ताकि केंद्र की योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।इस अवसर पर विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता युवाओं और आम जनता को केंद्र सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहे हैं।सत्ती ने बताया कि ऊना जिला के प्रत्येक भाजपा मंडल से भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को गगरेट विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए रवाना किया गया। वहां कार्यकर्ताओं ने सुबह 10:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का युवाओं के नाम संबोधन सुना।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के चुनावी राजनीतिक सफर के अवसर पर आयोजित यह अभियान भाजपा संगठन के लिए जनसंपर्क का माध्यम बनने के साथ केंद्र सरकार की योजनाओं और उनके प्रभाव की जानकारी जनता तक पहुंचाने का भी माध्यम है।































