कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए OPS का लालच दिया, लेकिन आज तक कर्मचारियों को स्पष्टता, स्थिरता और भरोसा नहीं दिया
BHT news, ऊना: हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा प्रस्तुत किया गया बजट प्रदेश की जनता के साथ किया गया अब तक का सबसे बड़ा राजनीतिक धोखा, विश्वासघात और छलावा है। यह बजट विकास का दस्तावेज नहीं, बल्कि झूठ, भ्रम और विफलताओं को छुपाने का एक बेशर्म प्रयास है। जिला ऊना भाजपा प्रवक्ता विनय शर्मा ने जारी बयान में कहा कि यह कहना बिल्कुल भी अतिशयोक्ति नहीं होगी कि यह बजट हिमाचल प्रदेश की जनता की उम्मीदों की हत्या करने वाला बजट है। कांग्रेस ने चुनावों के समय जिस तरह से प्रदेश की भोली-भाली जनता को गारंटी के नाम पर गुमराह किया, आज यह बजट उन सभी झूठे वादों का पोस्टमार्टम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा और सबसे चर्चित वादा—महिलाओं को हर महीने ₹1500 देने का—आज पूरी तरह से ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। प्रदेश की लाखों माताएं और बहनें अपने हक के लिए इंतजार कर रही हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार के पास केवल बहाने हैं, बहानों के अलावा कुछ नहीं। यह महिलाओं के सम्मान के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ कांग्रेस ने सबसे बड़ा विश्वासघात किया है। रोजगार देने का वादा, बेरोजगारी भत्ता देने का वादा—सब हवा हो चुका है। आज हिमाचल का युवा निराश, हताश और ठगा हुआ महसूस कर रहा है। सरकार के पास न तो रोजगार देने की नीति है और न ही कोई ठोस रोडमैप। यह सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ कर रही है। OPS के मुद्दे पर कांग्रेस ने कर्मचारियों की भावनाओं का खुला शोषण किया। चुनाव जीतने के लिए OPS का लालच दिया गया, लेकिन आज तक कर्मचारियों को स्पष्टता, स्थिरता और भरोसा नहीं दिया गया। बजट में भी केवल भ्रम फैलाने का काम किया गया है। यह कर्मचारियों के साथ सीधा धोखा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर बढ़ता कर्ज कांग्रेस सरकार की नाकामी का सबसे बड़ा सबूत है। हिमाचल प्रदेश को कर्ज के ऐसे दलदल में धकेला जा रहा है, जहां से निकलना आने वाली पीढ़ियों के लिए भी मुश्किल होगा। कांग्रेस सरकार विकास के नाम पर केवल उधार लेकर भविष्य को गिरवी रख रही है। यह आर्थिक कुप्रबंधन नहीं, बल्कि आर्थिक लापरवाही और गैरजिम्मेदारी की पराकाष्ठा है।किसानों और बागवानों को भी इस बजट में पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे किसानों को राहत देने के बजाय सरकार ने उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया है। लागत बढ़ रही है, आमदनी घट रही है, लेकिन कांग्रेस सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है। महंगाई आज अपने चरम पर है—रोजमर्रा की चीजें आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। लेकिन इस बजट में महंगाई से राहत देने का कोई ठोस प्रावधान नहीं है। यह सरकार केवल कागजी आंकड़ों और झूठे दावों के सहारे अपनी नाकामी छुपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग, मध्यम वर्ग, कर्मचारी, पेंशनर—हर वर्ग इस बजट से ठगा हुआ है। यह बजट सर्वांगीण विकास की बात नहीं करता, बल्कि हर वर्ग को निराश करने वाला और प्रदेश को पीछे धकेलने वाला है।अब यह स्पष्ट हो चुका है कि कांग्रेस सरकार के पास न तो कोई विजन है, न नीति और न ही नीयत। यह सरकार केवल सत्ता में बने रहने के लिए झूठ पर झूठ बोल रही है और जनता को गुमराह कर रही है।































